थाईलैंड में गोल्ड जीतकर लौटी दीपा जाटव का नोएडा में भव्य स्वागत, मां के संघर्ष को किया समर्पित
टेन न्यूज नेटवर्क
नोएडा, (18 मई, 2025): हाल ही में थाईलैंड में आयोजित IBFF वर्ल्ड हैवीवेट लिफ्टिंग चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीतकर भारत और उत्तर प्रदेश का नाम रोशन करने वाली दीपा जाटव का आज डॉ. भीमराव अंबेडकर पुस्तकालय, अंबेडकर विहार सेक्टर-37, नोएडा में भव्य स्वागत किया गया। स्वागत समारोह में भारी संख्या में गणमान्य अतिथियों और पुस्तकालय के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
दीपा की इस सफलता के पीछे न सिर्फ़ उसकी कड़ी मेहनत है, बल्कि उसकी मां के त्याग और संघर्ष की भी अहम भूमिका रही। पिता के निधन के बाद उसकी मां ने ही सपनों को ज़मीन पर उतारने की ज़िम्मेदारी निभाई। दीपा ने ना सिर्फ वेटलिफ्टिंग में, बल्कि कराटे में भी उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए दो बार ब्लैक बेल्ट और उत्तर प्रदेश स्टेट और इंटरनेशनल लेवल पर गोल्ड मेडल जीता।

कार्यक्रम के दौरान पुस्तकालय के संरक्षक गणेश जाटव ने दीपा को संघर्षशील और प्रेरणास्रोत बताया। उन्होंने कहा, “दीपा ने कठिन हालातों में भी हार नहीं मानी और आज वह न सिर्फ अपनी एकेडमी ‘कराटे इंडिया अकैडमी’ के माध्यम से आत्मनिर्भर बनी है, बल्कि ज़रूरतमंद बच्चों की भी मदद कर रही हैं।”
इस अवसर पर भीमराज जाटव, राजेंद्र ठेकेदार, सत्यपाल जाटव, नथौली सिंह, सुखबीर सिंह बौद्ध, गीतांजलि देवी, अरुण जाटव सहित दर्जनों विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे। कार्यक्रम का आयोजन दलित उत्थान सेवा समिति, नोएडा और डॉ. भीमराव अंबेडकर पुस्तकालय के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।