दिल्ली MCD में बड़ा राजनीतिक भूचाल: AAP के 15 पार्षदों ने छोड़ी पार्टी, ‘इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी’ के गठन का ऐलान
टेन न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली (17 मई 2025): दिल्ली नगर निगम (MCD) की राजनीति में शनिवार को बड़ा उलटफेर देखने को मिला, जब आम आदमी पार्टी (AAP) के 15 पार्षदों ने पार्टी से इस्तीफा देकर एक नए राजनीतिक गुट ‘इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी’ के गठन की घोषणा कर दी। इस नई पार्टी का नेतृत्व वरिष्ठ पार्षद मुकेश गोयल करेंगे, जबकि इस राजनीतिक पहल की शुरुआत हेमचंद्र गोयल के नेतृत्व में हुई। दिल्ली की स्थानीय राजनीति में यह घटनाक्रम एक नया मोड़ लेकर आया है, जिससे MCD की सत्ता संतुलन में बड़ा बदलाव आ सकता है।
नई पार्टी बनाने वाले पार्षदों में दिनेश भारद्वाज, सुमन अनिल राणा, मुकेश गोयल और हेमचंद्र गोयल जैसे नाम शामिल हैं, जो अब तक AAP का मजबूत हिस्सा माने जाते थे। शनिवार को हुई गुप्त बैठक में इन सभी नेताओं ने पार्टी नेतृत्व पर आंतरिक लोकतंत्र की अनदेखी और सत्ता के अत्यधिक केंद्रीकरण का आरोप लगाया। इस बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि अब तीसरा मोर्चा तैयार किया जाएगा, जो भाजपा और आप दोनों के विकल्प के रूप में काम करेगा।
पूर्व नेता सदन मुकेश गोयल ने कहा कि AAP में निर्णय हमेशा “ऊपर से थोपे जाते” थे और जमीनी कार्यकर्ताओं या पार्षदों की बात को महत्व नहीं दिया जाता था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें नेता सदन तो बनाया गया, लेकिन कभी कोई महत्वपूर्ण जानकारी नहीं दी गई। गोयल ने स्पष्ट किया कि 2022 में वह आप के टिकट पर चुनाव जरूर लड़े थे, लेकिन अब पार्टी के अंदर काम करना मुश्किल हो गया था क्योंकि सारी शक्ति एक ही व्यक्ति के हाथ में केंद्रित हो गई थी।
हेमचंद्र गोयल ने कहा कि नगर निगम जैसी संस्था का मूल उद्देश्य सत्ता का विकेंद्रीकरण होता है, मगर AAP में इसका उल्टा हो रहा है। उन्होंने पार्टी पर आंतरिक लोकतंत्र को दबाने का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्षदों की आवाज न तो सुनी जाती थी और न ही मानी जाती थी। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि दिल्ली की जनता को स्थानीय स्तर पर एक नई, जवाबदेह और पारदर्शी राजनीति का विकल्प दिया जाए।
वर्तमान में दिल्ली नगर निगम में भाजपा के पास 117, आप के पास 113 और कांग्रेस के पास 8 पार्षद हैं। ऐसे में इन 15 पार्षदों के अलग होने से आप को तगड़ा झटका लगा है। यह नया तीसरा मोर्चा MCD में सत्ता के समीकरणों को प्रभावित कर सकता है और भाजपा को अप्रत्यक्ष लाभ भी पहुंचा सकता है। अब देखना होगा कि इस नवगठित ‘इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी’ को जनता का समर्थन कितना मिलता है और क्या यह दिल्ली की स्थानीय राजनीति में स्थायी विकल्प बन पाएगी।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।