दो पहिया वाहन चोरी गिरोह का पर्दाफाश, 7 चोरी की मोटरसाइकिल के साथ दो गिरफ्तार
टेन न्यूज नेटवर्क
ग्रेटर नोएडा (16 मई 2025): थाना ईकोटेक प्रथम पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी के एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने इनके कब्जे व निशानदेही पर चोरी की सात मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमन और प्रियांशु राठी के रूप में हुई है। दोनों को पुलिस ने भाटी गोलचक्कर से श्मशान घाट की ओर जाने वाले सर्विस रोड के पास से गिरफ्तार किया।
चोरी का तरीका बेहद शातिराना
एडीसीपी ग्रेटर नोएडा ने सुधीर कुमार ने जानकारी देते हुए बताया पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि ये आरोपी नोएडा, दिल्ली और मेरठ के औद्योगिक क्षेत्रों में स्थित कंपनियों और फैक्ट्रियों से मोटरसाइकिलें चोरी करते थे। चोरी के बाद ये वाहन श्मशान घाट के पास औद्योगिक क्षेत्र में स्थित झाड़ियों और खाली प्लॉटों में छिपा दिए जाते थे, ताकि पुलिस की नजर से बचे रहें।
इसके बाद, आरोपी चोरी की मोटरसाइकिलों को सोशल मीडिया पर स्टोरी या पोस्ट डालकर सस्ते दामों में बेच देते थे। पुलिस को इस गिरोह के बारे में गोपनीय सूचना और लोकल इंटेलिजेंस के माध्यम से जानकारी मिली, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई।
पुलिस की सतर्कता से बड़ा अपराध टला
थाना ईकोटेक प्रथम की इस कार्रवाई को जनपद गौतमबुद्ध नगर पुलिस की सक्रियता और तकनीकी निगरानी का परिणाम माना जा रहा है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर इनके नेटवर्क और अन्य साथियों की तलाश में जुटी है।
इस कार्रवाई से क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।