नई दिल्ली, (14 मई 2025): दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने दिल्ली की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की ओर से पहले विधानसभा सत्र में की गई फिजूलखर्ची न करने की बात अब खोखली साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा भी सत्ता में आते ही आम आदमी पार्टी की तरह सरकारी खजाने की बर्बादी करने में जुट गई है। देवेन्द्र यादव ने यह टिप्पणी विधानसभा सचिवालय से सूचना के अधिकार (RTI) के तहत प्राप्त जानकारी के आधार पर की।
यादव ने कहा कि भाजपा सरकार बनने के एक महीने के भीतर ही होली मिलन समारोह के नाम पर फिजूलखर्ची के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए गए। कांग्रेस द्वारा प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस समारोह पर कुल 8,42,787 रुपये खर्च किए गए, जो कि आम जनता के पैसों की खुली बर्बादी है। उन्होंने इसे ‘ट्रिपल इंजन सरकार’ की भ्रष्टाचारपूर्ण कार्यशैली का प्रमाण बताया। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि दिल्ली में भाजपा की ट्रिपल इंजन सरकार (नगर निगम, विधानसभा और केंद्र) के साथ एक चौथा इंजन उपराज्यपाल के रूप में कार्य कर रहा है, और ऐसा प्रतीत होता है कि सब मिलकर राजधानी को चौतरफा लूटने की तैयारी में हैं।
देवेन्द्र यादव ने बताया कि आरटीआई से मिली जानकारी के अनुसार वर्ष 2022 में होली मिलन समारोह पर 91,313 रुपये, और 2023 में 1,16,842 रुपये खर्च किए गए थे। इसके मुकाबले 2024 में भाजपा सरकार के तहत यह खर्च अचानक 8,42,787 रुपये तक पहुंच गया। इस भारी-भरकम खर्च के बावजूद विधानसभा सचिवालय केवल जलपान और रंग-गुलाल की व्यवस्था का ही ब्यौरा दे पाया। जलपान व्यवस्था के लिए 4,22,500 रुपये दिल्ली टूरिज्म एंड ट्रांसपोर्टेशन डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (DTTDC) को दिए गए, जबकि रंग व गुलाल की व्यवस्था के लिए मात्र 7,500 रुपये खर्च की जानकारी दी गई। बाकी बची करीब 4 लाख रुपये की राशि का कोई स्पष्ट हिसाब नहीं दिया गया।
यादव ने सवाल उठाया कि आखिर इस शेष राशि का हिसाब क्यों नहीं दिया जा रहा? क्या यह रकम भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई? उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के शासन में चाहे छोटा आयोजन हो या बड़ा, भ्रष्टाचार की गुंजाइश बनी रहती है। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि 1993 में भाजपा की सरकार में भी तीन मुख्यमंत्री बदले गए थे, और आज निगम में भाजपा मेयर पद तक कैसे पहुंची, इसे भी दिल्ली की जनता अच्छे से जानती है।
देवेन्द्र यादव ने कहा कि भाजपा की कथनी और करनी में जमीन-आसमान का अंतर है। एक तरफ मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता कहती हैं कि वह दिल्ली की जनता का एक-एक रुपया बचाएंगी, वहीं दूसरी ओर सरकारी धन का दुरुपयोग हो रहा है। उन्होंने इस मुद्दे पर जवाबदेही की मांग की और कहा कि कांग्रेस जनता के पैसे की इस तरह की बर्बादी को कभी बर्दाश्त नहीं करेगी।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।