ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने पानी की बर्बादी रोकने को लेकर उठाया बड़ा कदम

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (14 मई 2025): ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने गर्मी के मौसम में बढ़ती जल खपत और पानी की बर्बादी पर अंकुश लगाने के लिए एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए स्मार्ट मीटर लगाने की योजना पर काम शुरू कर दिया है। इस योजना का उद्देश्य जल आपूर्ति को अधिक सटीक, पारदर्शी और नियंत्रित बनाना है, जिससे अनावश्यक पानी की बर्बादी को रोका जा सके।

मंगलवार को प्राधिकरण की एसीईओ प्रेरणा सिंह ने जल एवं सीवर विभाग की गहन समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान उन्होंने जल विभाग को स्मार्ट मीटर योजना का टेंडर शीघ्र निकालने के निर्देश दिए। इस परियोजना पर 20 करोड़ रुपए से अधिक का खर्च आने का अनुमान लगाया गया है।

एसीईओ ने गर्मी में जल खपत बढ़ने को देखते हुए जल आपूर्ति नेटवर्क को मजबूत करने और कहीं भी सीवर के ओवरफ्लो की स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक सभी कदम उठाने का आदेश दिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि ओवरफ्लो या जल आपूर्ति संबंधी किसी भी शिकायत को गंभीरता से लिया जाए और तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

इसके साथ ही प्रेरणा सिंह ने गंगा जल परियोजना एवं ग्रेटर नोएडा वेस्ट क्षेत्र में प्रस्तावित एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) के कार्यों में भी तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि भविष्य में जल आपूर्ति और स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।

इस समीक्षा बैठक में ओएसडी अभिषेक पाठक, वरिष्ठ प्रबंधक राजेश गौतम, वरिष्ठ प्रबंधक गुरविंदर सिंह, वरिष्ठ प्रबंधक विनोद शर्मा, वर्क सर्कल प्रभारी प्रभात शंकर सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की यह पहल शहरवासियों को बेहतर जल सेवा उपलब्ध कराने और संसाधनों के संरक्षण की दिशा में एक सकारात्मक कदम मानी जा रही है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।