सीजफायर और ट्रंप की भूमिका को लेकर संजय सिंह ने दागे सवालों के गोले | Operation Sindoor

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (13 मई 2025): पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत द्वारा चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर पर खुलकर समर्थन देने वाली आम आदमी पार्टी अब सीजफायर के मुद्दे पर मोदी सरकार पर हमलावर हो गई है। ‘आप’ के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से पांच सीधे सवाल पूछते हुए आरोप लगाया है कि अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की धमकी के बाद सरकार ने दबाव में आकर सीजफायर घोषित किया। संजय सिंह ने सवाल उठाया कि क्या प्रधानमंत्री ने भारत की संप्रभुता से समझौता कर लिया?

“क्या ट्रंप की धमकी पर झुके पीएम?”

संजय सिंह ने कहा कि ट्रंप का यह दावा चौंकाने वाला है कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान को व्यापार बंद करने की धमकी देकर युद्धविराम के लिए मजबूर किया। उन्होंने पूछा कि क्या सच में भारत जैसे स्वाभिमानी देश के प्रधानमंत्री ने विदेशी दबाव में यह फैसला लिया? संजय सिंह का कहना है कि 140 करोड़ भारतीयों के मन में यह सवाल गूंज रहा है और प्रधानमंत्री को इसका जवाब देना चाहिए।

“सेना की वीरता के बावजूद क्यों रोका गया ऑपरेशन?”

‘आप’ नेता ने कहा कि 7 मई को ऑपरेशन सिंदूर के तहत भारत ने पाकिस्तान में मौजूद नौ आतंकी ठिकानों को तबाह कर दिया था। पाकिस्तान अपने मरे हुए आतंकियों का मातम मना रहा था, तब यह सुनहरा अवसर था जब सेना आगे बढ़कर पीओके को भारत में मिला सकती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने अमेरिका के कहने पर यह मौका गवां दिया और आतंक के खिलाफ बड़ी जीत को बीच में ही रोक दिया।

संजय सिंह के पीएम मोदी से 5 तीखे सवाल

1. जब सेना पीओके और बलूचिस्तान में निर्णायक बढ़त बना रही थी, तो आपने ट्रंप के कहने पर सीजफायर क्यों किया?

2. ऑपरेशन सिंदूर उन आतंकियों को खत्म करने के लिए था जिन्होंने बहनों के सिंदूर को मिटाया, तो क्या वे अब भी जिंदा हैं? उन्हें कब मारेंगे?

3. ट्रंप कहता है कि व्यापार रोकने की धमकी दी। भारत के साथ व्यापार है, पाकिस्तान के पास तो कुछ नहीं। क्या आपने इसी दबाव में निर्णय लिया?

4. ट्रंप पाकिस्तान को शक्तिशाली देश कह रहा है। आप संसद का विशेष सत्र बुलाकर उसे आतंकवादी देश घोषित कीजिए। क्या आप ऐसा करेंगे?

5. आपने कहा कि पाकिस्तान अब दुस्साहस नहीं करेगा, लेकिन जैसे ही भाषण खत्म हुआ, पाकिस्तान ने कच्छ और अमृतसर में सीजफायर तोड़ा। आप उस पर भरोसा कैसे कर सकते हैं?

 

“संसद का सत्र बुलाएं, पाकिस्तान को घोषित करें आतंकवादी देश”

संजय सिंह ने प्रधानमंत्री से अपील की कि देश की सुरक्षा, सेना के सम्मान और शहीदों की कुर्बानी को देखते हुए संसद का विशेष सत्र बुलाया जाए। इसमें पाकिस्तान को आधिकारिक रूप से आतंकवादी देश घोषित किया जाए। उन्होंने कहा कि देश की जनता और सभी राजनीतिक दल सरकार के साथ हैं, लेकिन चुप्पी अब देश को कमजोर कर रही है।

“ट्रंप की मध्यस्थता की बात गंभीर, सरकार दे सफाई”

संजय सिंह ने यह भी कहा कि ट्रंप बार-बार खुद को मध्यस्थ बताकर भारत-पाकिस्तान के मसले में टांग अड़ा रहे हैं, जो भारत की संप्रभु विदेश नीति के खिलाफ है। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि वह स्पष्ट करे कि क्या भारत अब अंतरराष्ट्रीय दबाव में कश्मीर जैसे मुद्दे पर नरमी बरतने लगा है?इस पूरे घटनाक्रम पर आम आदमी पार्टी ने सरकार की चुप्पी को खतरनाक बताया है। संजय सिंह ने कहा कि सेना अपना काम कर रही थी, लेकिन सरकार ने राजनीतिक दबाव में फैसला लिया। उन्होंने चेताया कि अगर सरकार ने जल्द जवाब नहीं दिया तो जनता के बीच असंतोष और भ्रम गहराता जाएगा।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।