ग्रेटर नोएडा में रंजिश के चलते युवक की गोली मारकर हत्या, परिजनों ने तीन पर लगाए हत्या के आरोप

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा, (13 मई 2025): ग्रेटर नोएडा के दनकौर थाना क्षेत्र में रंजिश के चलते एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान विशाल निवासी सादोपुर, थाना बादलपुर (वर्तमान निवासी मधुबनी कॉलोनी, मंडी श्याम नगर, थाना दनकौर) के रूप में हुई है। घटना 12 मई की है जब कुछ अज्ञात हमलावरों ने विशाल पर गोली चला दी। गंभीर हालत में उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इस सनसनीखेज हत्याकांड के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

मृतक के परिजनों ने घटना को लेकर राहुल पुत्र मानसिंह, शनि पुत्र मानसिंह (दोनों निवासी अच्छेजा, थाना बादलपुर, जनपद गौतमबुद्ध नगर) और अन्य अज्ञात लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। परिजनों का कहना है कि वर्ष 2022 में आरोपी राहुल के भाई की हत्या हुई थी, जिसमें विशाल आरोपी था और उसे जेल भी जाना पड़ा था। इसी पुरानी रंजिश के चलते यह हत्या की गई है।

पुलिस ने मामले में तत्परता दिखाते हुए एक आरोपी विपिन (निवासी अच्छेजा, थाना बादलपुर) को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा और पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस घटना के बाद मृतक के परिजनों में शोक की लहर है और न्याय की मांग को लेकर वह प्रशासन से सख्त कदम उठाने की अपील कर रहे हैं।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।