नेकी की पाठशाला में मातृ दिवस पर बही भावनाओं की धारा, बच्चों ने जताया माताओं के प्रति आभार
टेन न्यूज नेटवर्क
ग्रेटर नोएडा वेस्ट, (12 मई 2025): नेकी का डब्बा फाउंडेशन द्वारा संचालित ‘नेकी की पाठशाला प्रथम’ में मातृ दिवस के अवसर पर सेवा बस्ती के बच्चों ने अपनी माताओं के प्रति प्रेम और कृतज्ञता व्यक्त करते हुए एक भावपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया। बच्चों ने अपने हाथों से तैयार किए गए ग्रीटिंग कार्ड्स, सुंदर चित्रों और भावनात्मक कविताओं के माध्यम से अपनी भावनाओं को अभिव्यक्त किया। कार्यक्रम का आरंभ बच्चों द्वारा अपनी माताओं के चरण छूने और गले लगाकर उनके प्रति सम्मान प्रकट करने से हुआ।
‘मातृ वंदन’ कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने दिल छू लेने वाले भाषण प्रस्तुत किए, जिनमें उन्होंने मातृत्व के महत्व और मां की भूमिका को अपनी शब्दों में खूबसूरती से उकेरा। कार्यक्रम में फाउंडेशन के संस्थापक गिरीश चंद्र शुक्ला ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि माता न केवल जीवनदाता हैं, बल्कि जीवन की पहली और सबसे महत्वपूर्ण शिक्षिका भी हैं। उन्होंने कहा कि मां का स्थान संसार में सर्वोच्च है और हमें जीवन भर उनका आदर करना चाहिए।

कार्यक्रम का सबसे उल्लासमय पल वह रहा, जब उपस्थित माताओं ने बच्चों के साथ मिलकर केक काटा और मिलकर खुशियां बांटीं। बच्चों और माताओं के चेहरों पर खुशी और गर्व के भाव स्पष्ट नजर आ रहे थे। इस अवसर पर पाठशाला की समर्पित शिक्षिकाएं ऋचा श्रीवास्तव, स्वाति गर्ग, कल्पना चौधरी, कमल किशोर और आरती ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया। साथ ही, वॉलंटियर्स पूजा शुक्ला, विदित शुक्ला, वर्णिका शुक्ला, यश श्रीवास्तव, लक्ष्य श्रीवास्तव और वृति अग्रवाल सहित अन्य सहयोगी भी कार्यक्रम की शोभा बढ़ा रहे थे।
नेकी का डब्बा फाउंडेशन द्वारा आयोजित यह आयोजन न केवल बच्चों और माताओं के बीच प्रेम और सम्मान के रिश्ते को और भी मजबूत करता है, बल्कि समाज को यह भी प्रेरित करता है कि मां के त्याग और स्नेह का सम्मान करना हम सभी का कर्तव्य है। इस अवसर ने सेवा बस्ती के बच्चों में सकारात्मक संस्कारों का बीजारोपण करते हुए मातृत्व के प्रति गहरी श्रद्धा का संदेश भी दिया।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।