निर्णायक नेतृत्व और तकनीकी सैन्य ताकत ने दिया मुंहतोड़ जवाब: भाजपा नेता खेमचंद शर्मा
टेन न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली (11 मई 2025):
भारतीय सेना के द्वारा ऑपरेशन सिंदूर की कार्रवाई से देशवासियों का मनोबल बढ़ा है। इसी कड़ी में भाजपा नेता खेमचंद शर्मा ने कहा कि
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने एक बार फिर यह सिद्ध कर दिया है कि अब देश की सुरक्षा से कोई भी समझौता नहीं किया जाएगा। ऑपरेशन सिन्दूर के माध्यम से भारत ने अपने दुश्मनों को यह साफ संकेत दे दिया है कि अब हर आतंकी हरकत को युद्ध की तरह लिया जाएगा और उसका जवाब पूरी शक्ति, रणनीति और सटीकता से दिया जाएगा।
इस ऑपरेशन में भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तानी सेना के अग्रिम ठिकानों, नियंत्रण केंद्रों और आतंकी लॉन्चपैड्स पर सर्जिकल और गहन हमले किए। यह कार्रवाई इतनी सटीक और प्रभावी थी कि पाकिस्तान के डीजीएमओ को स्वयं भारत से युद्धविराम की अपील करनी पड़ी। यह भारत की कूटनीतिक और सैन्य स्थिति की श्रेष्ठता को दर्शाता है।
ऑपरेशन के मुख्य परिणामों में प्रमुख आतंकी ढांचों का विनाश शामिल है। जैश-ए-मोहम्मद और लश्कर-ए-तैयबा जैसे संगठनों के दर्जनों लॉन्चपैड्स पूरी तरह तबाह कर दिए गए हैं, जिससे सीमा पार से घुसपैठ की क्षमता को गंभीर क्षति पहुँची है। सैकड़ों प्रशिक्षित आतंकवादी मारे गए हैं, जिनमें कई शीर्ष कमांडर भी शामिल हैं। इससे आतंकवादियों का नेतृत्व और नेटवर्क दोनों कमजोर हुए हैं।
इसके साथ ही, पाकिस्तानी सेना के कई नियंत्रण बंकर, गोला-बारूद डिपो और निगरानी केंद्र ध्वस्त किए गए हैं। भारतीय वायुसेना ने अपने पराक्रम का प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान के कई लड़ाकू विमानों को निष्क्रिय कर दिया है। साथ ही पाकिस्तान के कई रडार सिस्टम और निगरानी उपकरणों को भी तबाह किया गया, जिससे उनका संचार और ट्रैकिंग सिस्टम बुरी तरह प्रभावित हुआ।
इस ऐतिहासिक सैन्य कार्रवाई में भारत की स्वदेशी सैन्य तकनीक की भूमिका भी बेहद गौरवशाली रही। अत्याधुनिक एयर डिफेंस सिस्टम, स्मार्ट मिसाइलें और निगरानी ड्रोन का सफल प्रयोग यह दर्शाता है कि भारत अब केवल एक सैन्य शक्ति ही नहीं, बल्कि एक तकनीकी महाशक्ति भी बन चुका है।
भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया पैनलिस्ट खेमचंद शर्मा ने इसे प्रधानमंत्री मोदी के निर्णायक और अडिग नेतृत्व का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि यह वही भारत है जो अब नियम बनाता है, जवाब देता है और दुश्मनों को सबक भी सिखाता है। उन्होंने यह भी कहा कि जो लोग युद्धविराम के बाद सवाल उठा रहे हैं, उन्हें मुंबई हमले के बाद की निष्क्रियता और आज के स्पष्ट, मजबूत जवाब के फर्क को समझना चाहिए।
ऑपरेशन सिन्दूर केवल एक सैन्य कार्रवाई नहीं, बल्कि भारत की नई राष्ट्रीय सुरक्षा नीति की घोषणा है। अब भारत न तो आतंकी हमलों को सहन करेगा, न ही चुप बैठेगा। यह नीति स्पष्ट है – हर वार का जवाब वार से दिया जाएगा, और वह भी पूरे आत्मविश्वास और ताकत के साथ।
भारत की यह कार्रवाई न केवल सैन्य सफलता है, बल्कि कूटनीतिक रूप से भी एक बड़ा संदेश है कि अब भारत किसी भी आंतरिक या बाहरी खतरे को सहने वाला देश नहीं रहा, बल्कि हर चुनौती का निर्णायक जवाब देने वाला सशक्त राष्ट्र बन चुका है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।