“वन नेशन वन इलेक्शन” के समर्थन में नोएडा में दौड़ प्रतियोगिता, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दिखाई झंडी

टेन न्यूज नेटवर्क

नोएडा (04 मई, 2025): नोएडा स्टेडियम में रविवार सुबह ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ के समर्थन में एक विशाल दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में पुरुष, महिलाएं, युवा और बच्चे शामिल हुए। आयोजन स्थल स्टेडियम के गेट नंबर 5 पर खास मंच बनाया गया था, जहां डीजे की धुन पर माहौल को जोशीला बनाया गया। इस आयोजन के चलते पूरे क्षेत्र में ट्रैफिक का दबाव बढ़ गया और आसपास के इलाकों में जाम लग गया।

मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान पहुंचे, जिन्होंने झंडी दिखाकर दौड़ की शुरुआत की। उनके साथ भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल, राज्यसभा सांसद सुरेंद्र नागर, नोएडा विधायक पंकज सिंह, सांसद डॉ. महेश शर्मा, दादरी विधायक तेजपाल नागर, और नोएडा भाजपा अध्यक्ष महेश चौहान भी उपस्थित रहे।

शिवराज सिंह चौहान ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा: “नोएडा की सड़कों पर आज जो यह जनसैलाब उमड़ा है, इसमें कैंपर के बच्चे, बुज़ुर्ग, माताएं, बहनें एवं युवा साथी मौजूद हैं और इन सबका एक ही संकल्प है – एक राष्ट्र, एक चुनाव। देश की प्रगति में लगातार होने वाले चुनाव बाधक हैं। हर साल, 12 महीने, 365 दिन राजनीतिक दल सिर्फ चुनावी कार्यों में व्यस्त रहते हैं, जो विकसित भारत के निर्माण में रुकावट है। अब समय आ गया है, जगदीश का विकास ठप्प नहीं होना चाहिए। हम सभी को मिलकर विकसित भारत बनाना है। आज के इस कार्यक्रम को आयोजित करने के लिए मैं नोएडा भाजपा की पूरी टीम का धन्यवाद करता हूं।”

शिवराज सिंह चौहान ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना है कि लोकसभा और विधानसभा चुनाव एक साथ हों ताकि देश का समय, संसाधन और ऊर्जा बर्बाद न हो। उन्होंने जनता से इस मुहिम को और मज़बूती देने की अपील की।

दौड़ के सफल आयोजन के लिए पुलिस और प्रशासन की तरफ से सुरक्षा के विशेष इंतज़ाम किए गए थे। पूरे आयोजन में देशभक्ति और लोकतंत्र के प्रति जागरूकता का संदेश भी दिया गया।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।