फर्जी दस्तावेज़ों के ज़रिए जमानत कराने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, कोर्ट परिसर से पकड़े गए
टेन न्यूज़ नेटवर्क
ग्रेटर नोएडा (04 मई 2025): थाना सूरजपुर पुलिस ने सर्विलांस टीम और सीडीटी टीम की सहायता से एक बड़ी कार्रवाई करते हुए मिडिएशन कोर्ट सूरजपुर, न्यायालय परिसर से दो आरोपियों संजय और अमित कुमार को गिरफ्तार किया है। इन दोनों पर आरोप है कि ये फर्जी दस्तावेज तैयार कर शातिर अपराधियों की जमानत कराने का गोरखधंधा चला रहे थे। पुलिस ने इनके खिलाफ थाना सूरजपुर में मुकदमा संख्या 252/2025 दर्ज किया है, जिसमें बीएनएस की धाराएं 318(4), 338, 336(4), और 340(2) लगाई गई हैं। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहे थे।
पुलिस के अनुसार, संजय और अमित कुमार जमानत लेने के लिए नकली कागजात तैयार करते थे और उन्हें कोर्ट में असली बताकर पेश करते थे। इसी तरह की एक घटना में इन्होंने थाना बीटा-2, ग्रेटर नोएडा में दर्ज मुकदमा संख्या 265/2023, धारा 8/21, 27A, 27, 29A, 37 एनडीपीएस एक्ट एवं 14 विदेशी अधिनियम में आरोपी डेनियल की जमानत कराई थी। इस मामले में अमित कुमार ने राकेश के नाम से फर्जी दस्तावेज प्रस्तुत किए थे और खुद को राकेश बताकर कोर्ट में पेश किया था।
जब न्यायालय द्वारा इस जमानत की गहराई से जांच कराई गई, तो दस्तावेजों की सत्यता पर संदेह हुआ और जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी अमित कुमार द्वारा प्रस्तुत सभी दस्तावेज फर्जी थे। इस घोटाले की शिकायत अपर सत्र न्यायाधीश/त्वरित न्यायालय प्रथम, गौतमबुद्ध नगर के न्यायालय लिपिक ने दी, जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय परिसर से गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की जांच जारी है। पुलिस इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में भी जुटी हुई है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।