नशे में धुत पूर्व कर्मचारी ने लुहारली टोल प्लाजा पर किया हंगामा, फावड़े से तोड़ा CCTV कैमरा

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (2 मई 2025): दादरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत लुहारली टोल प्लाजा पर गुरुवार को एक युवक द्वारा जमकर हंगामा करने और तोड़फोड़ की घटना सामने आई है। बताया जा रहा है कि आरोपी युवक दीपक, जो पहले टोल प्लाजा पर ही काम कर चुका है, शराब के नशे में धुत होकर वहां पहुंचा और कर्मचारियों से बदसलूकी करने लगा।

टोल प्लाजा प्रबंधन के अनुसार, यह घटना सुबह लगभग 4 बजे की है। आरोपी ने टोल कार्यालय में जबरन घुसते हुए कर्मचारियों के साथ अभद्र भाषा में बात की और उन्हें धमकाया। इसके बाद उसने एक फावड़ा उठाकर टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरे को क्षतिग्रस्त कर दिया और कैमरे की केबल भी काट दी।

टोल मैनेजर अरिजीत दास गुप्ता ने इस संबंध में दादरी थाने में शिकायत दर्ज कराई है। घटना का पूरा वीडियो टोल प्लाजा पर लगे कैमरों में कैद हो गया, जिसमें आरोपी युवक को कैमरे को नुकसान पहुंचाते हुए साफ तौर पर देखा जा सकता है।

पुलिस ने बताया कि इस घटना में किसी भी व्यक्ति से मारपीट नहीं हुई है। हालांकि, आरोपी की पहचान हो चुकी है और उसके खिलाफ धमकी देने, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने समेत कई धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही उचित कार्रवाई की जाएगी।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।