ग्रेटर नोएडा: शॉर्ट सर्किट से मकान में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (2 मई 2025): ग्रेटर नोएडा के बीटा-2 थाना क्षेत्र स्थित सेक्टर-36 में आज शुक्रवार सुबह एक बंद मकान में भीषण आग लग गई। आग लगने की यह घटना शॉर्ट सर्किट के कारण बताई जा रही है। आग इतनी विकराल थी कि कुछ ही देर में मकान के अंदर रखा पूरा सामान जलकर खाक हो गया। सौभाग्यवश, हादसे के समय मकान में कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ी जनहानि होने से बचाव हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, एफ-394 नंबर मकान के मालिक दिनेश चौहान अपने परिवार के साथ किसी परिजन को दिखाने अस्पताल गए हुए थे। घर बंद था और दरवाजे पर ताला लगा हुआ था। सुबह करीब 6 बजे आसपास रहने वाले पड़ोसियों ने घर के अंदर से धुआं निकलते देखा और तुरंत इसकी सूचना मकान मालिक को दी।

सूचना पाकर चौहान परिवार तुरंत मौके पर पहुंचा, जहां दमकल विभाग की टीम आग बुझाने में जुटी हुई थी। फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक घर के अंदर रखा कीमती सामान जैसे सोफा, बेड, अलमारी, फ्रिज, एलईडी टीवी, और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह जल चुके थे।

अग्निकांड के बाद घर में भारी नुकसान हुआ है और पूरा परिवार इस हादसे से स्तब्ध और आहत है। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि आग लगने की वजह विद्युत शॉर्ट सर्किट है। स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग ने घटना की जांच शुरू कर दी है। वहीं, क्षेत्र में इस हादसे के बाद से आसपास के लोगों में भी बिजली सुरक्षा को लेकर चिंता का माहौल है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।