महिलाओं की सुरक्षा के लिए नोएडा पुलिस का सशक्त कदम: इस्कॉन मंदिर के सामने ‘पिंक बूथ’ का हुआ शुभारंभ

टेन न्यूज नेटवर्क

नोएडा, (01 मई 2025): उत्तर प्रदेश शासन की मंशा के अनुरूप महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा एवं जागरूकता के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत आज गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा एक और सशक्त पहल की गई। सेक्टर-33 स्थित इस्कॉन मंदिर के सामने ‘पुलिस पिंक बूथ’ का शुभारंभ गौतमबुद्धनगर की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के कर कमलों द्वारा किया गया। यह पिंक बूथ नोएडा पुलिस के मार्गदर्शन में नवरत्न फाउंडेशंस, सीआईआई (कंफेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री) तथा मैजेस्टिक ऑटो लिमिटेड के संयुक्त सहयोग से स्थापित किया गया है।

इस अवसर पर पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने कहा कि यह पिंक बूथ महिलाओं की सुरक्षा के लिए एक प्रभावी मंच बनेगा। यहां तैनात महिला पुलिसकर्मियों के माध्यम से महिलाओं को त्वरित और संकोचमुक्त पुलिस सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति के तहत महिलाओं के आत्मबल, साइबर जागरूकता और अधिकारों की जानकारी देना हमारा निरंतर प्रयास है। महिलाओं को न केवल अपराधों से बचाव की जानकारी दी जाती है बल्कि उन्हें महिला हेल्पलाइन 1090, इमरजेंसी सेवा 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, वन स्टॉप सेंटर 181, सीएम हेल्पलाइन 1076 और साइबर हेल्पलाइन 1930 जैसे जरूरी नंबरों की भी नियमित जानकारी दी जाती है।

कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने यह भी कहा कि इस्कॉन नोएडा एक प्रमुख धार्मिक स्थल है, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं। ऐसे स्थान पर पिंक बूथ की स्थापना एक समय की आवश्यकता थी। इस बूथ के माध्यम से न केवल आपात स्थिति में सहायता मिलेगी, बल्कि महिलाएं यहां आराम कर सकेंगी, अपने बच्चों की देखभाल कर सकेंगी और स्वयं को सुरक्षित महसूस करेंगी। उन्होंने यह भी बताया कि पिछले 8 वर्षों में यूपी पुलिस ने कार्यशैली और संसाधनों में जो प्रगति की है, वह सराहनीय है। अब पुलिस सेवा आम नागरिकों की रोजमर्रा की जरूरतों का हिस्सा बन चुकी है।

इस अवसर पर मैजेस्टिक ऑटो लिमिटेड के चेयरमैन महेश मुञ्जाल ने कहा कि उनकी कंपनी ने कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) के तहत इस पिंक बूथ की स्थापना में योगदान दिया है और भविष्य में भी पुलिस के सहयोग के लिए तत्पर रहेगी।

कार्यक्रम के दौरान डीसीपी महिला सुरक्षा सुनीति, डीसीपी नोएडा रामबदन सिंह, एडीसीपी सुमित शुक्ला सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन नवरत्न फाउंडेशंस के अध्यक्ष डॉ. अशोक श्रीवास्तव ने किया। साथ ही डॉ. विजय एस चौहान (ऑर्थोपेडिक सर्जन, प्रकाश हॉस्पिटल), फोनरवा जनरल सेक्रेटरी के. के. जैन एवं अन्य समाजसेवी, जागरूक नागरिकों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए उपस्थिति दर्ज कराई।

यह पिंक बूथ ना केवल महिलाओं की सुरक्षा की दिशा में एक सशक्त कदम है, बल्कि पुलिस और समाज के बीच सहयोग व विश्वास का प्रतीक भी बनकर उभरेगा।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।