दिल्ली में श्रमिकों को मिला सम्मान, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने किए बड़े ऐलान!

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (01 मई 2025): नई दिल्ली में अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर आयोजित श्रमिक सम्मान समारोह ने राजधानी की राजनीतिक और सामाजिक फिजा में नया संदेश दिया। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने समारोह में ऐतिहासिक घोषणाएं करते हुए श्रमिकों की दशा और दिशा बदलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में हजारों श्रमिकों की मौजूदगी रही, जिनकी आंखों में उम्मीद की चमक दिखाई दी। सीएम गुप्ता के साथ सांसद बांसुरी स्वराज और श्रम मंत्री कपिल मिश्रा भी मंच पर उपस्थित थे। समारोह का आरंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ और पूरे आयोजन में ‘श्रम को सम्मान’ का भाव प्रमुख रहा।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने भाषण में श्रमिकों के स्वास्थ्य और कल्याण को सर्वोपरि बताते हुए कहा कि दिल्ली सरकार अब हर साल श्रमिकों और उनके परिवारों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर लगाएगी। साथ ही, भीषण गर्मी को देखते हुए दोपहर 12बजे से 3 बजे तक निर्माण स्थलों पर काम रोका जाएगा ताकि श्रमिकों को आराम मिल सके। उन्होंने यह भी बताया कि राजधानी में जल्द ही 3000 नए वॉटर कूलर लगाए जाएंगे, जिससे श्रमिकों और आम जनता को राहत मिलेगी। महिला श्रमिकों की सुरक्षा को लेकर भी सख्त दिशानिर्देश जारी करने का आश्वासन दिया गया।

सांसद बांसुरी स्वराज ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि डबल इंजन की सरकार अब सिर्फ घोषणाएं नहीं करती, धरातल पर काम करके दिखाती है। उन्होंने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि 2018 के बाद से कोई भी सरकार श्रमिकों के लिए गंभीरता से कार्यक्रम नहीं चला पाई थी, लेकिन अब स्थितियां बदल रही हैं। “अब दिल्ली का निर्माण करने वाले हाथ सिर्फ मजदूर नहीं, राष्ट्रनिर्माता के रूप में देखे जा रहे हैं,” उन्होंने कहा।

श्रम मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि दिल्ली में पिछले 27 वर्षों से जो कार्य अधूरे पड़े थे, उन्हें मौजूदा सरकार तेजी से पूरा कर रही है। उन्होंने बताया कि श्रमिकों की पेंशन योजना, बीमा सुविधा और आवासीय योजनाओं को लेकर भी बड़े सुधार किए जा रहे हैं। आयुष्मान योजना को भी दिल्ली में प्रभावी तरीके से लागू किया जाएगा। मिश्रा ने कहा कि सरकार अब केवल योजनाओं की घोषणा नहीं, उनके क्रियान्वयन को प्राथमिकता दे रही है।

कार्यक्रम के दौरान कुछ महिला श्रमिकों ने मुख्यमंत्री से बातचीत की और अपनी परेशानियां साझा कीं। मुख्यमंत्री ने उन्हें भरोसा दिलाया कि उनकी हर बात को गंभीरता से लिया जाएगा और संबंधित विभागों को तुरंत कार्यवाही के निर्देश दिए जाएंगे। आयोजन में कई सामाजिक कार्यकर्ताओं और ट्रेड यूनियन प्रतिनिधियों ने भी हिस्सा लिया और सरकार के कदम की सराहना की।

समारोह का समापन सामूहिक संकल्प के साथ हुआ, जिसमें मुख्यमंत्री, मंत्रीगण, सांसद और हजारों श्रमिकों ने “नई दिल्ली, नया सम्मान” के नारे के साथ एकजुटता दिखाई। यह कार्यक्रम सिर्फ श्रमिक दिवस की रस्म नहीं, बल्कि एक नये युग की शुरुआत थी जिसमें सरकार और श्रमिकों के बीच विश्वास की डोर और मजबूत हुई।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।