घरेलू नौकर और ड्राइवर ने मिलकर दिया करोड़ों की चोरी को अंजाम, पुलिस ने पकड़ा
टेन न्यूज नेटवर्क
नोएडा (1 मई 2025): नोएडा के सेक्टर-39 थाना क्षेत्र की पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए एक घर में लाखों की नकदी और करोड़ों की जूलरी चोरी करने वाले दो चोरों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान समरजीत और संदीप के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से करीब 5 लाख रुपये नकद और लगभग 1 करोड़ रुपये के आभूषण बरामद किए हैं।
घरेलू नौकर और ड्राइवर की दोस्ती बनी अपराध की वजह
यह वारदात नोएडा के सेक्टर-41 स्थित एक फ्लैट में रहने वाले कारोबारी सौरभ जैन के घर की है। जानकारी के अनुसार, समरजीत नामक युवक करीब ढाई साल तक सौरभ जैन के घर में घरेलू नौकर के रूप में कार्यरत था। लेकिन कुछ समय पहले सौरभ को समरजीत की गतिविधियों पर शक हुआ और उन्होंने उसे नौकरी से निकाल दिया। इसी दौरान समरजीत ने घर की एक डुप्लीकेट चाबी बनवा ली थी।
नौकरी से निकाले जाने के बाद भी समरजीत का सौरभ के घर के ड्राइवर संदीप से संपर्क बना रहा। दोनों ने मिलकर चोरी की साजिश रची। उन्हें पता था कि पीड़ित परिवार एक रात के लिए बाहर जा रहा है। मौके का फायदा उठाकर दोनों ने डुप्लीकेट चाबी की मदद से फ्लैट में घुसकर अलमारी का ताला तोड़ा और लाखों की नकदी और जूलरी लेकर फरार हो गए।
पुलिस की तत्परता से खुला मामला
पीड़ित की शिकायत के बाद थाना सेक्टर-39 पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। सुरागों के आधार पर दोनों आरोपियों को धर दबोचा गया। पूछताछ में उन्होंने जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने दोनों के पास से चोरी की गई संपत्ति बरामद की, जिसमें 5 लाख रुपये नकद और लगभग 1 करोड़ रुपये की जूलरी शामिल है। बरामद आभूषणों में शामिल हैं:
2 पीली धातु की चेन
2 सफेद नग लगी चेन
7 पीली धातु की नग लगी अंगूठियां
11 पीली धातु के सिक्के
64 सफेद धातु के सिक्के
13 बड़े पीली और सफेद धातु के सिक्के
11 नग लगी चूड़ियां
12 सफेद नग लगे पीली धातु के ईयररिंग
1 पीली धातु का कर्णफूल
1 नग जड़ा ब्रेसलेट
पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि क्या इन आरोपियों ने पहले भी किसी और वारदात को अंजाम दिया है। फिलहाल दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।