सपा प्रमुख द्वारा डॉ. भीमराव अंबेडकर के अपमान पर भाजपा का जोरदार प्रदर्शन
टेन न्यूज़ नेटवर्क
ग्रेटर नोएडा (30 अप्रैल 2025): समाजवादी पार्टी द्वारा डॉ. भीमराव अंबेडकर के अपमान के विरोध में बुधवार को भारतीय जनता पार्टी गौतमबुद्ध नगर इकाई ने जिला मुख्यालय (कलेक्ट्रेट) पर जोरदार धरना-प्रदर्शन कर विरोध जताया। “बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर अमर रहें” और “बाबा साहेब का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान” जैसे नारों के साथ कार्यकर्ताओं ने समाजवादी पार्टी एवं उसके अध्यक्ष अखिलेश यादव के खिलाफ विरोध प्रकट किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने कहा कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव द्वारा एक कार्यक्रम के दौरान स्वयं की तुलना संविधान निर्माता डॉ. अंबेडकर से करना अत्यंत निंदनीय है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी पहले भी अंबेडकर जी के विचारों और योगदान की अनदेखी करती रही है और अब सार्वजनिक मंच से इस तरह की तुलना कर उन्होंने बाबा साहेब का अपमान किया है। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश संगठन के निर्देश पर प्रदेशभर में जिला मुख्यालयों पर विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है, जिसके तहत गौतमबुद्धनगर में भी आज विशाल मार्च निकाला गया।
वरिष्ठ भाजपा नेता विजय गौतम ने कहा कि सपा ने हमेशा दलित समाज के अधिकारों का हनन किया है और अब बाबा साहेब का अपमान कर उन्होंने समूचे दलित समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है। उन्होंने कहा कि दलित समाज इसका मुंहतोड़ जवाब देगा।
पूर्व जिलाध्यक्ष विजय भाटी और ज़िला महामंत्री धर्मेंद्र कोरी ने सपा और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि यह पार्टियां वर्षों से बाबा साहेब के नाम का राजनीतिक लाभ उठाती रही हैं, लेकिन जब बात उनके विचारों और योगदान की होती है, तो ये पार्टियां पीछे हट जाती हैं। अब दलित समाज इनकी ओछी राजनीति को बर्दाश्त नहीं करेगा।
प्रदर्शन के दौरान जिला महामंत्री दीपक भारद्वाज, मनोज गर्ग, मीडिया प्रभारी कर्मवीर आर्य, सांसद प्रतिनिधि, पंकज शर्मा, मुकेश चौहान, संजय भाटी, ईश्वर वर्मा, सुनील सौनक, राजेश ठेकेदार, मानकचंद शर्मा सहित भाजपा के मंडल, मोर्चा, प्रकोष्ठ व विभागों के अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।