गुरुग्राम के बंधवाड़ी लैंडफिल साइट पर लगी भीषण आग, दमकल की 20 गाड़ियां मौजूद

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (27 अप्रैल 2025): गुरुग्राम-फरीदाबाद बॉर्डर पर स्थित बंधवाड़ी लैंडफिल साइट पर शनिवार को अचानक भीषण आग लग गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही गुरुग्राम, फरीदाबाद, पटौदी और मानसेर से करीब 20 दमकल गाड़ियां और टीमें मौके पर भेजी गईं। आग पर काबू पाने की कोशिशें जारी हैं, लेकिन अधिकारियों के अनुसार इसे पूरी तरह बुझाने में अभी कुछ और घंटों का समय लगेगा। राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है। अधिकारियों ने बताया कि इस महीने में लैंडफिल साइट पर आग लगने की यह पांचवीं घटना है। आग के चलते इलाके में धुआं फैल गया है, जिससे स्थानीय लोगों को सांस लेने में कठिनाई हो रही है। धूल और जहरीली गैस से वातावरण काफी प्रदूषित हो गया है।

फायर सर्विस के डिप्टी डायरेक्टर गुलशन कालरा ने आग लगने का संभावित कारण मीथेन गैस का अत्यधिक जमाव बताया। उन्होंने कहा कि लैंडफिल साइट पर गर्मियों के दौरान गैस का स्तर बढ़ने से आग लगने की घटनाएं सामान्य होती हैं। हालाँकि अभी तक आग लगने के सही कारण की पुष्टि नहीं हो पाई है। दमकलकर्मी आग पर काबू पाने के लिए पानी और केमिकल फोम दोनों का इस्तेमाल कर रहे हैं। अधिकारियों ने इलाके में सतर्कता बढ़ा दी है ताकि आग और ज्यादा न फैले। आसपास के इलाकों में रह रहे लोग धुएं की मोटी परत से काफी परेशान हैं। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को एहतियात बरतने और घरों के अंदर रहने की सलाह दी है।

इसी तरह शनिवार शाम को दिल्ली के गाजीपुर लैंडफिल साइट पर भी भीषण आग भड़क गई थी, जिससे क्षेत्र में जहरीले धुएं का गुबार फैल गया। दिल्ली अग्निशमन सेवा के अनुसार, लैंडफिल के भीतर से निकलने वाली गैस के कारण रविवार तक आग पर पूरी तरह से काबू नहीं पाया जा सका था। गाजीपुर इलाके के निवासी जहरीले धुएं के चलते सांस लेने में दिक्कत और जलन जैसी समस्याओं से जूझ रहे थे। दमकल विभाग ने कड़ी मशक्कत के बाद आग को सीमित करने का प्रयास किया। विशेषज्ञों का कहना है कि लैंडफिल साइट्स पर कचरा प्रबंधन की अनदेखी के चलते ऐसी घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं और लैंडफिल साइट्स की निगरानी बढ़ा दी गई है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।