पाकिस्तानी रेंजर्स ने BSF के जवान को पकड़ा, गलती से पाकिस्तानी सीमा में घुसा जवान
टेन न्यूज नेटवर्क
फिरोजपुर (24 अप्रैल 2025): जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए हालिया आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच पहले से ही तनाव का माहौल है। इसी बीच एक नई चिंता पंजाब के फिरोजपुर से सामने आई है, जहां सीमा सुरक्षा बल (BSF) का एक जवान गलती से भारत-पाकिस्तान सीमा की ‘जीरो लाइन’ पार कर गया और पाकिस्तानी रेंजर्स ने उसे पकड़ लिया। यह घटना बुधवार सुबह उस वक्त हुई, जब जवान किसानों की सुरक्षा के लिए तैनात था, जो फेंसिंग के पास स्थित खेतों में गेहूं की कटाई कर रहे थे। पाक रेंजर्स ने न सिर्फ जवान को हिरासत में लिया, बल्कि उसका हथियार भी जब्त कर लिया है।
घटना फिरोजपुर सेक्टर के ममदोट इलाके की है, जहां BSF की 24वीं बटालियन श्रीनगर से तैनात की गई है। किसानों को खास अनुमति के तहत जीरो लाइन के पास खेती की अनुमति दी जाती है और उनकी सुरक्षा के लिए BSF जवानों को तैनात किया जाता है। इस इलाके में किसान उस वक्त गेहूं काट रहे थे, जब बीएसएफ के दो जवान उनकी निगरानी कर रहे थे। इसी दौरान एक जवान अनजाने में सीमा रेखा पार कर गया और पाकिस्तानी रेंजर्स ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे अपने कब्जे में ले लिया। यह स्थान फेंसिंग के गेट नंबर-208/1 के पास स्थित है, जो संवेदनशील माना जाता है।
घटना की जानकारी मिलते ही BSF के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पाकिस्तानी रेंजर्स के साथ फ्लैग मीटिंग शुरू कर दी गई। यह बैठक देर रात तक चलती रही और उम्मीद जताई जा रही है कि कूटनीतिक प्रयासों के माध्यम से जवान को जल्द ही वापस लाया जा सकेगा। हालांकि अब तक बीएसएफ की ओर से इस बारे में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन आंतरिक सूत्रों की मानें तो जवान की सुरक्षित वापसी के लिए हरसंभव कोशिशें की जा रही हैं।
इस घटना ने भारत-पाकिस्तान के बीच पहले से मौजूद तनाव को और गहरा कर दिया है। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही पहलगाम में आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान पर कुछ सख्त पाबंदियां लगाई थीं। ऐसे में जवान का पाक सीमा में जाना न केवल सुरक्षा दृष्टि से चिंता का विषय है, बल्कि यह राजनयिक स्तर पर भी भारत के लिए एक चुनौती बन गया है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।