पाक प्रायोजित आतंक के खिलाफ नोएडा में गूंजा जनाक्रोश, कैंडल मार्च निकालकर दी श्रद्धांजलि

टेन न्यूज नेटवर्क

नोएडा (24 अप्रैल 2025): जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के खिलाफ नोएडा सेक्टर-62 स्थित रजत विहार सी ब्लॉक के निवासियों ने बुधवार की शाम को कैंडल मार्च निकाला। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे, युवा और बुजुर्ग शामिल हुए। आतंकी हमले में मारे गए हिंदू परिवार को श्रद्धांजलि देते हुए सभी ने पाकिस्तान विरोधी नारे लगाए और सरकार से आतंकियों को कड़ा जवाब देने की मांग की।

कैंडल मार्च के दौरान जनसमूह ने हाथों में मोमबत्तियां लेकर आतंकवाद के खिलाफ एकजुटता का प्रदर्शन किया। भावुक माहौल में सभी ने शहीद परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की। इस दौरान आरडब्ल्यूए प्राधिकरण और समाज के अन्य प्रमुख लोग भी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर रजत विहार आरडब्ल्यूए के महासचिव गोपाल शर्मा ने कहा, “पहलगाम में हुआ आतंकी हमला पूरे देश को झकझोर देने वाला है। धर्म पूछकर निर्दोष लोगों की हत्या करना एक निंदनीय कृत्य है, जिसे भारत किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं कर सकता। यह मानवता के खिलाफ अपराध है और इसका माकूल जवाब देना अब अनिवार्य हो गया है।”

निवासियों ने एक स्वर में केंद्र सरकार से यह मांग की कि आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। कैंडल मार्च का उद्देश्य न केवल शहीदों को श्रद्धांजलि देना था, बल्कि यह संदेश देना भी था कि देश का हर नागरिक आतंक के खिलाफ खड़ा है।

इस प्रकार रजत विहार सी ब्लॉक ने एकजुटता और देशभक्ति का संदेश देते हुए आतंकवाद के खिलाफ आवाज बुलंद की।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।