Delhi MCD Election: ‘AAP को हार का डर सताने लगा’, सीएम रेखा गुप्ता का पलटवार

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (21 अप्रैल 2025): दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के आगामी मेयर चुनाव से आम आदमी पार्टी (AAP) के पीछे हटने के फैसले ने राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी है। इस फैसले पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने जोरदार प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोमवार को कहा कि यह फैसला हार के डर, पार्टी के अंदरूनी मतभेद और राजनीतिक शर्मिंदगी की आशंका से जुड़ा हुआ है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ‘आप’ को आखिरकार यह समझ आ गया है कि अब दिल्ली की जनता उनके साथ नहीं है और हवा पूरी तरह से उनके खिलाफ बह रही है।

सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि आज आम आदमी पार्टी के पार्षद और कार्यकर्ता खुद अपने नेतृत्व से परेशान हैं। पार्टी अपनी विश्वसनीयता खो चुकी है और दिल्ली की सड़कों पर आम नागरिक अब उनसे सवाल करने लगे हैं। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी अब एक असहज स्थिति में पहुंच चुकी है, जहां हार से बचने के लिए उन्होंने मैदान ही छोड़ना बेहतर समझा। रेखा गुप्ता ने ‘आप’ की नीति पर हमला करते हुए कहा कि जब यह पार्टी कोई चुनाव जीतती है, तो उसे अपनी लोकप्रियता का सबूत बताती है, लेकिन जब हार होती है तो ईवीएम, चुनाव आयोग और पूरी प्रणाली को दोष देना शुरू कर देती है।

दिल्ली नगर निगम के पिछले चुनाव में आप ने 134 वार्डों में जीत दर्ज की थी, जबकि भाजपा को 104 सीटें मिली थीं। हालांकि, पिछले कुछ महीनों में कई आप और कांग्रेस पार्षदों के इस्तीफे और भाजपा में शामिल होने के चलते निगम हाउस का समीकरण बदल चुका है। अब भाजपा के पार्षदों की संख्या 115 पहुंच गई है, जबकि आप के पास 125 पार्षद बचे हैं। कांग्रेस के नौ और एक निर्दलीय पार्षद भी हैं। जानकारों का मानना है कि इन नए समीकरणों के चलते भाजपा की जीत की संभावनाएं पहले से कहीं अधिक मजबूत हो चुकी हैं।

पिछले मेयर चुनाव में आप के उम्मीदवार महेश खिंची मामूली अंतर से विजयी हुए थे, लेकिन तब भी पार्टी में भारी क्रॉस वोटिंग हुई थी। यही वजह है कि अब की बार ‘आप’ शायद खुद को इस चुनौती के लिए तैयार नहीं मान रही। इस संदर्भ में सीएम गुप्ता ने कहा कि पार्षदों में नेतृत्व को लेकर असंतोष इतना बढ़ गया है कि आप को खुद अपने ही लोगों पर भरोसा नहीं रह गया।

इस पूरे विवाद के बीच मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को आदर्श नगर धीरपुर में संकल्प गर्ल्स हॉस्टल का उद्घाटन भी किया। इस अवसर पर उन्होंने महिला सशक्तिकरण और शिक्षा के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा, “सबसे बड़ा दान शिक्षा का दान होता है और अगर वह यूपीएससी जैसी परीक्षा की तैयारी से जुड़ा हो, तो उसका महत्व और बढ़ जाता है।” उन्होंने गर्ल्स हॉस्टल परियोजना को देशभर में विस्तार देने की बात कही और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद देते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा महिला नेतृत्व वाले विकास को प्राथमिकता दी है।

मेयर चुनाव से ‘आप’ के पीछे हटने और भाजपा के आक्रामक रुख के चलते अब यह मुकाबला दिलचस्प मोड़ पर आ खड़ा हुआ है। जहां एक ओर भाजपा इसे अपनी बढ़ती ताकत का संकेत मान रही है, वहीं दूसरी ओर ‘आप’ के इस निर्णय ने उसकी राजनीतिक रणनीति और आत्मविश्वास पर सवाल खड़े कर दिए हैं।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।