गौतमबुद्ध नगर में ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई, 7 ट्रक जब्त और 6.37 लाख जुर्माना

टेन न्यूज नेटवर्क

गौतम बुद्ध नगर, (12 अप्रैल 2025): जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा के निर्देश पर ओवरलोड वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में परिवहन विभाग ने आज बड़ी कार्रवाई करते हुए 7 ओवरलोड ट्रकों को बादलपुर और सेक्टर-62 में पकड़कर जब्त कर लिया। इन वाहनों पर कुल 6 लाख 37 हजार रुपये का प्रशमन शुल्क (जुर्माना) लगाया गया है।

संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) डॉ. उदित नारायण पांडेय ने बताया कि सुबह से ही टीम ने ओवरलोडिंग के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान पाया गया कि कई वाहन तय क्षमता से अधिक माल लेकर चल रहे थे, जो सड़क सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है।

उन्होंने बताया कि ओवरलोडिंग से ट्रक के ब्रेक, टायर, इंजन और सस्पेंशन पर अधिक दबाव पड़ता है, जिससे दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है। साथ ही, इससे सड़कों को नुकसान पहुंचता है और बार-बार मरम्मत की जरूरत पड़ती है, जिससे सरकार का खर्च बढ़ता है।

अधिक वजन से ट्रकों का ईंधन खर्च भी बढ़ जाता है, जिससे पर्यावरण को नुकसान होता है और प्रदूषण बढ़ता है। साथ ही, ओवरलोडिंग भारत में गैरकानूनी है और इसके लिए भारी जुर्माना, वाहन जब्ती और लाइसेंस रद्द होने जैसी कानूनी कार्रवाई हो सकती है।

डॉ. पांडेय ने सभी ट्रक चालकों और मालिकों से अपील की कि वाहन की तय क्षमता का पालन करें और ओवरलोडिंग से बचें। यह न केवल कानून का पालन है, बल्कि खुद की और दूसरों की सुरक्षा भी सुनिश्चित करता है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।