गौ माता को सड़कों पर रोटी ना फेंके, सीएम रेखा गुप्ता की विशेष अपील

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (12 अप्रैल 2025): दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को राजधानी में भ्रमण के दौरान एक ऐसी घटना का ज़िक्र किया जिसने उन्हें गहरी चिंता में डाल दिया। उन्होंने बताया कि भ्रमण के दौरान उन्होंने एक व्यक्ति को अपनी कार से सड़क पर रोटी फेंकते हुए देखा, संभवत: गाय को खिलाने के उद्देश्य से। इस पर उन्होंने तुरंत अपनी गाड़ी रुकवाई और उस व्यक्ति को समझाया कि ऐसा न करें।

मुख्यमंत्री ने इस घटना को लेकर गहरी संवेदना व्यक्त की और कहा, “रोटी हमारे लिए केवल भोजन नहीं है, यह हमारी संस्कृति, श्रद्धा और सम्मान का प्रतीक है। सड़क पर रोटी फेंकने से गाय माता और अन्य पशु भोजन के लिए वहां पहुंचते हैं, जिससे उनकी जान को खतरा हो सकता है। साथ ही, सड़क पर चलने वाले लोगों और वाहनों की सुरक्षा भी संकट में पड़ जाती है।” रेखा गुप्ता ने स्पष्ट रूप से कहा कि अन्न का अपमान नहीं किया जाना चाहिए। अगर कोई व्यक्ति पशुओं को भोजन कराना चाहता है तो वह इसे किसी गोशाला या निर्धारित स्थान पर जाकर करें, जहां जानवर सुरक्षित हैं और वहां की व्यवस्था भी उनके लिए अनुकूल होती है। उन्होंने इसे हमारी “संवेदनशीलता, जिम्मेदारी और संस्कारों की पहचान” बताया।

मुख्यमंत्री ने सभी दिल्लीवासियों से भावुक अपील करते हुए कहा, “सड़क पर रोटी या कोई भी भोजन न फेंकें। पशुओं को प्रेम से भोजन कराएं, लेकिन पूरी ज़िम्मेदारी के साथ। हमारी संस्कृति करुणा और सद्भाव पर आधारित है। आइए हम इसे बनाए रखें और अपनी सड़कों को सुरक्षित व स्वच्छ बनाएं।” रेखा गुप्ता की यह पहल राजधानी में बढ़ते सड़क हादसों और पशु कल्याण के मुद्दों को लेकर एक संवेदनशील और व्यवहारिक दृष्टिकोण को सामने लाती है, जो समाज को सकारात्मक दिशा में प्रेरित कर सकती है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।