दिल्ली में 25 अप्रैल को होगा मेयर और डिप्टी मेयर का चुनाव, पूरी डिटेल्स

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (12 अप्रैल 2025): दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) में महापौर और उपमहापौर के चुनाव के लिए तारीख तय कर दी गई है। एमसीडी सचिवालय के अनुसार 25 अप्रैल को यह चुनाव संपन्न होगा। यह चुनाव ऐसे समय में हो रहा है जब आम आदमी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के बीच निगम की सत्ता को लेकर तनातनी बनी हुई है। पिछले कुछ महीनों में आम आदमी पार्टी के कई पार्षद बीजेपी में शामिल हो चुके हैं, जिससे एमसीडी में भाजपा के पार्षदों की संख्या बढ़कर 119 हो गई है। वहीं, आप के पास अब 134 पार्षद बचे हैं।

एमसीडी में नामित सांसद और विधायक वोट नहीं डालते, इसलिए चुनाव परिणाम निर्वाचित पार्षदों की संख्या पर निर्भर करेगा। एमसीडी सचिवालय के अनुसार, महापौर व उपमहापौर के चुनाव की अधिसूचना के साथ ही नामांकन की प्रक्रिया 15 अप्रैल से शुरू होगी जो 21 अप्रैल की शाम 5 बजे तक चलेगी। इस दौरान सभी इच्छुक प्रत्याशी अपने नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे और चाहें तो वे नामांकन वापसी की समय सीमा के भीतर अपना नामांकन भी वापस ले सकते हैं।

दिल्ली नगर निगम चुनाव 2022 में आम आदमी पार्टी ने 250 वार्ड में से 134 वार्ड जीतकर निगम में बहुमत हासिल किया था, जबकि भाजपा को 104 वार्ड में जीत मिली थी। हालांकि इस साल 15 फरवरी के बाद आप के तीन पार्षद भाजपा में शामिल हो गए जिससे एमसीडी में शक्ति संतुलन थोड़ा बदल गया है। ऐसे में महापौर पद की दौड़ में मुकाबला और रोचक हो गया है। एमसीडी के नियमों के अनुसार, महापौर पद पर कोई भी निर्वाचित पार्षद उम्मीदवार बन सकता है, लेकिन उसे बहुमत का समर्थन जरूरी होगा।

राजनीतिक जानकारों के अनुसार महापौर पद के लिए आम आदमी पार्टी फिर से किसी महिला पार्षद को उम्मीदवार बना सकती है, क्योंकि अब तक एमसीडी में महिलाओं को प्राथमिकता देने की परंपरा रही है। वहीं भाजपा ने अभी तक अपने पत्ते नहीं खोले हैं, लेकिन पूर्व महापौर रहे नेता जैसे कि राजा इकबाल सिंह, शालिनी कपूर और शशांक शर्मा जैसे नामों को संभावित उम्मीदवारों के रूप में देखा जा रहा है। अब देखना यह होगा कि क्या आप पार्टी एक बार फिर महापौर पद पर कब्जा बरकरार रख पाएगी या भाजपा कोई चौंकाने वाला कदम उठाएगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।