नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से न्यू आगरा तक रैपिड रेल कनेक्टिविटी | Yamuna Authority
टेन न्यूज नेटवर्क
ग्रेटर नोएडा (11 अप्रैल 2025): नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) से रैपिड रेल के जरिए न्यू आगरा अर्बन सेंटर तक कनेक्टिविटी देने की बड़ी योजना को यमुना प्राधिकरण ने अपने जोनल मास्टर प्लान में शामिल कर लिया है। यह योजना भविष्य की दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही है, जिसके तहत यमुना एक्सप्रेसवे के दोनों ओर के विकास को ध्यान में रखते हुए रैपिड रेल का विस्तार किया जाएगा।
131 किलोमीटर लंबा होगा ट्रैक, न्यू आगरा तक सीधी कनेक्टिविटी
इस परियोजना के तहत जेवर एयरपोर्ट से न्यू आगरा अर्बन सेंटर तक लगभग 131 किलोमीटर लंबा रैपिड रेल कॉरिडोर बनाया जाएगा। यह ट्रैक यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे विकसित क्षेत्रों को आपस में जोड़ते हुए सीधे आगरा तक पहुंचेगा। एयरपोर्ट का जीरो पॉइंट यमुना एक्सप्रेसवे से लगभग 34 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है, जहां से यह नया ट्रैक शुरू होगा।
योजना के अनुसार, यमुना एक्सप्रेसवे के पूरे 165 किलोमीटर के दायरे में आने वाले क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए यह रैपिड रेल परियोजना महत्वपूर्ण साबित होगी। न्यू आगरा अर्बन सेंटर के जोनल मास्टर प्लान में इस प्रावधान को स्थान दिया गया है, जिससे भविष्य में एयरपोर्ट से आगरा तक तेज और सुगम यात्रा सुनिश्चित की जा सके।
गाजियाबाद से नोएडा एयरपोर्ट तक 22 स्टेशनों की DPR तैयार
इससे पहले गाजियाबाद से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक रैपिड रेल सेवा शुरू करने की दिशा में भी तेजी से कार्य हो रहा है। 72.4 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार कर ली गई है, जिसमें कुल 22 स्टेशन प्रस्तावित किए गए हैं। हाल ही में इस DPR में कुछ संशोधन किए गए थे, जिन्हें पूरा कर केंद्र सरकार को दोबारा भेज दिया गया है। अब केंद्र की मंजूरी मिलते ही इस रूट पर रैपिड रेल कॉरिडोर का निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। इस परियोजना को ‘नमो भारत’ नाम दिया गया है, जो देश में हाई-स्पीड रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (RRTS) के अंतर्गत आ रही है।
रीजनल और जोनल मास्टर प्लान को मिली हरी झंडी
गौरतलब है कि यमुना प्राधिकरण के अधीन आने वाले छह जिलों के अधिसूचित क्षेत्रों के लिए हाल ही में शासन द्वारा रीजनल मास्टर प्लान को मंजूरी दी गई थी। अब इसके तहत न्यू आगरा अर्बन सेंटर के लिए तैयार जोनल प्लान में भी रैपिड रेल परियोजना को शामिल कर लिया गया है।
भविष्य के विकास को मिलेगा बढ़ावा
योजना का उद्देश्य न केवल नोएडा एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी को बेहतर बनाना है, बल्कि यमुना एक्सप्रेसवे के दोनों ओर आने वाले क्षेत्रों जैसे ग्रेटर नोएडा, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा और आगरा में आर्थिक और अवसंरचनात्मक विकास को भी गति देना है। विशेषज्ञों के अनुसार, यदि यह परियोजना समय पर पूरी होती है, तो यह न केवल ट्रांसपोर्टेशन सेक्टर में एक क्रांति लाएगी, बल्कि पूरे वेस्ट यूपी और ब्रज क्षेत्र के लिए नए विकास के द्वार खोल देगी।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।