न्यू आगरा अर्बन सेंटर बनेगा यूपी का पहला प्रदूषणमुक्त ग्रीन सिटी | Yamuna Authority
टेन न्यूज नेटवर्क
ग्रेटर नोएडा (11 अप्रैल 2025): यमुना एक्सप्रेसवे इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी (YEIDA) द्वारा अधिसूचित क्षेत्र में विकसित होने वाली न्यू आगरा अर्बन सिटी के लिए जोनल मास्टरप्लान तैयार कर लिया गया है। यह मास्टरप्लान अब अंतिम मंजूरी के लिए यमुना अथॉरिटी बोर्ड की अगली बैठक में पेश किया जाएगा। इससे पहले, इस परियोजना को रीजनल मास्टरप्लान 2031 (फेज-2) के अंतर्गत राज्य सरकार से हरी झंडी मिल चुकी है।
12,800 हेक्टेयर में बसाई जाएगी अत्याधुनिक ग्रीन सिटी
न्यू आगरा अर्बन सेंटर को कुल 12,800 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित करने की योजना है। इस क्षेत्र में लगभग 58 गांवों की भूमि को शामिल किया जाएगा, जो यमुना एक्सप्रेसवे के जीरो पॉइंट से 156 से 165 किलोमीटर के बीच स्थित हैं। इसे देश की पहली “प्रदूषण मुक्त ग्रीन सिटी” के रूप में विकसित किया जाएगा, जो पर्यावरण संरक्षण, आधुनिक आधारभूत संरचना और हरित जीवनशैली को प्राथमिकता देगी।
चंडीगढ़ की तर्ज पर होगी प्लानिंग, सड़कों पर दिखेगी हरियाली
इस परियोजना की प्लानिंग में चंडीगढ़ शहर से प्रेरणा ली गई है। हर सेक्टर में सात प्रकार की सड़कों का निर्माण किया जाएगा जिनमें पेरिफेरल रोड, सर्कुलर रोड, ग्रीन इंटरनल रोड, फास्ट कनेक्टिंग रोड, शॉपिंग स्ट्रीट रोड, पैदल पथ और साइकिलिंग ट्रैक शामिल होंगे। हर सड़क के दोनों ओर हरियाली होगी और पैदल चलने वालों के लिए ग्रीन बेल्ट विकसित की जाएगी।
आवासीय और रोजगार का केंद्र
न्यू आगरा अर्बन सेंटर को 14.6 लाख की जनसंख्या के लिए बसाया जाएगा। यहां पर करीब 8.5 लाख लोगों के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के अवसर सृजित करने की योजना है। मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक हब, मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट हब, थीम पार्क, मनोरंजन पार्क और अन्य व्यावसायिक केंद्र इस शहर की पहचान होंगे।
पर्यटन व मनोरंजन केंद्र के रूप में उभरेगा शहर
ताजमहल की निकटता के कारण न्यू आगरा अर्बन सेंटर को पर्यटन और मनोरंजन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां विशेष रूप से उन गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा, जो पर्यावरण के अनुकूल हों और ताजमहल की सुंदरता व वातावरण को किसी प्रकार की क्षति न पहुंचाएं।
ग्रीन इंडस्ट्री को मिलेगी प्राथमिकता
ताज ट्रेपेजियम जोन (TTZ) के अंतर्गत आने वाले इस क्षेत्र में केवल ग्रीन इंडस्ट्रीज को अनुमति दी जाएगी। इस जोनल मास्टरप्लान में ई-व्हीकल, ग्रीन फ्यूल आधारित यूनिट्स और जीरो-कार्बन उत्सर्जन वाली इकाइयों की स्थापना पर जोर रहेगा। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि ताजमहल के आसपास के क्षेत्र में प्रदूषण के किसी भी स्रोत को पनपने न दिया जाए।
बोर्ड से मंजूरी के बाद होगा क्रियान्वयन
योजना के तहत अब अगला कदम यमुना अथॉरिटी की बोर्ड बैठक में इस जोनल मास्टरप्लान को अनुमोदन के लिए प्रस्तुत करना है। बोर्ड से स्वीकृति मिलते ही, इस महत्वाकांक्षी ग्रीन सिटी परियोजना को धरातल पर उतारने की प्रक्रिया तेज कर दी जाएगी।
न्यू आगरा अर्बन सेंटर न केवल उत्तर प्रदेश की पहली ग्रीन सिटी बनने जा रही है, बल्कि यह योजना पर्यावरण संरक्षण, रोजगार सृजन, और पर्यटन विकास के क्षेत्र में भी एक मील का पत्थर साबित हो सकती है। इसका प्रभाव न केवल आगरा बल्कि पूरे प्रदेश की आर्थिक और सामाजिक संरचना पर पड़ेगा।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।