भाजपा की जिला बैठक सम्पन्न: ‘8 साल बेमिसाल’ व अम्बेडकर जयन्ती कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार

टेन न्यूज़ नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (11 अप्रैल 2025): भारतीय जनता पार्टी की जिला स्तरीय बैठक आज शुक्रवार, 11 अप्रैल को तिलपता गोलचक्कर स्थित ज़िला कार्यालय पर संपन्न हुई। बैठक का उद्देश्य उत्तर प्रदेश सरकार के “8 साल बेमिसाल” कार्यक्रम की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाना और 14 अप्रैल से 25 अप्रैल तक मनाई जाने वाली बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर जयंती के अंतर्गत आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करना रहा।

बैठक में मुख्य वक्ता के रूप में ज़िला प्रभारी प्रमोद गुप्ता ने हिस्सा लिया, जबकि बैठक की अध्यक्षता ज़िलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने की। संचालन ज़िला मंत्री सत्यपाल शर्मा द्वारा किया गया।

अपने संबोधन में प्रमोद गुप्ता ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार के आठ सालों का कार्यकाल ऐतिहासिक व बेमिसाल रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में सुशासन स्थापित हुआ है और सरकार अंत्योदय के सिद्धांत पर चलते हुए अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ताओं का कर्तव्य है कि वे जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुँचाएं और महापुरुषों के विचारों को समाज में प्रचारित करें। अम्बेडकर जयंती के उपलक्ष्य में 14 अप्रैल से 25 अप्रैल तक गाँव-गाँव जाकर गोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बाबा साहेब के जीवन व विचारों पर चर्चा होगी।

ज़िलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं की पार्टी है और कार्यकर्ता ही संगठन की मज़बूती का आधार हैं। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे बूथ स्तर पर बैठक कर कार्य योजनाएं बनाएं और पार्टी व सरकार की उपलब्धियों को पत्रक व अन्य प्रचार सामग्री के माध्यम से आम जनता तक पहुँचाएं।

बैठक में ज़िला महामंत्री दीपक भारद्वाज, मनोज गर्ग, धर्मेन्द्र कोरी, ज़िला उपाध्यक्ष देवा भाटी, सुनील भाटी, सतेन्द्र नागर, पवन रावल, राहुल पंडित, पवन नागर, मीडिया प्रभारी कर्मवीर आर्य, पंकज रावल, देवेन्द्र त्यागी समेत ज़िला इकाई, मंडल इकाई, मोर्चा, प्रकोष्ठ, विभाग व प्रकल्प के सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बैठक उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई और सभी कार्यकर्ताओं ने आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने हेतु पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।