नई दिल्ली (10 अप्रैल 2025): दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राजधानी वासियों को यमुना सफाई को लेकर एक राहत भरी खबर दी है। गुरुवार को सीएम रेखा गुप्ता ने वजीराबाद और नजफगढ़ जैसे बड़े ड्रेनेज पॉइंट्स पर निरीक्षण किया और दावा किया कि यमुना में गिरने वाले नालों की सफाई से अब साफ फर्क नज़र आने लगा है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा तय किए गए सभी सफाई लक्ष्यों को समय पर पूरा किया जा रहा है और यमुना को स्वच्छ बनाने की दिशा में ठोस काम हो रहा है।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री के साथ दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना और कैबिनेट मंत्री प्रवेश साहिब सिंह भी मौजूद थे। यह संयुक्त निरीक्षण यह दर्शाता है कि राज्य सरकार और उपराज्यपाल कार्यालय संपूर्ण यमुना सफाई अभियान को एकजुट होकर आगे बढ़ा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले जहां यमुना में भारी गंदगी बहती थी, अब वहां पानी का प्रवाह तुलनात्मक रूप से साफ दिखने लगा है।
रेखा गुप्ता ने साफ तौर पर कहा कि यमुना में गिरने वाले 22 प्रमुख नालों की सफाई लगातार की जा रही है। इन नालों से गाद (स्लज) निकालने का काम तेज़ी से जारी है और कई जगहों पर सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) भी बनाए जा रहे हैं। इन प्रयासों का असर अब जमीन पर साफ दिख रहा है। उन्होंने बताया कि हर 15 दिन पर इन स्थानों का दौरा कर जमीनी हकीकत का मूल्यांकन किया जा रहा है, जिससे काम की रफ्तार बनी रहे।
मुख्यमंत्री ने सफाई कार्यों की प्रगति को लेकर संतोष जताते हुए कहा कि मशीनें पूरी क्षमता से लगी हुई हैं, और जो टारगेट तय किए गए थे – चाहे वह गाद निकालने का हो या उसकी उठाई का – सभी निर्धारित समय-सीमा में पूरे हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि इन प्रयासों का उद्देश्य है कि जब ये नाले अंत में यमुना में जाकर मिलें, तो उनका जल साफ हो और वह नदी के प्रदूषण को न बढ़ाएं।
इस दौरान रेखा गुप्ता ने पूर्ववर्ती आम आदमी पार्टी सरकार पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकार ने कभी इन नालों के पास जाकर वास्तविक स्थिति नहीं देखी, बल्कि एयर कंडीशन्ड कमरों से योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि “सरकार को जमीन पर उतरकर काम करना चाहिए और यही हमने किया है। उपराज्यपाल महोदय ने जब सरकार निष्क्रिय थी, तब अकेले यह जिम्मेदारी संभाली और आज भी बेहद सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।”
मुख्यमंत्री ने अंत में कहा कि उनकी सरकार एक टीम के रूप में दिल्ली को बेहतर बनाने की दिशा में कार्य कर रही है। न केवल यमुना को साफ करना लक्ष्य है, बल्कि दिल्लीवासियों को शुद्ध हवा, स्वच्छ जल और प्रदूषण रहित वातावरण देना सरकार की प्राथमिकता है।
यमुना सफाई अभियान को लेकर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की यह सक्रियता राजधानी में स्वच्छता और पर्यावरणीय सुधार की दिशा में बड़ा संकेत है। यदि यह गति और पारदर्शिता बनी रही, तो वह दिन दूर नहीं जब दिल्ली की यमुना फिर से एक स्वच्छ और सुंदर नदी के रूप में बहती नजर आएगी।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।