नई दिल्ली (10 अप्रैल 2025): 26/11 मुंबई आतंकी हमले के मुख्य साजिशकर्ताओं में शुमार तहव्वुर हुसैन राणा को अमेरिका से भारत लाने की प्रक्रिया आखिरकार पूरी हो चुकी है। सूत्रों के मुताबिक, राणा को आज भारत लाया जा रहा है। उसे लाने के लिए भारतीय एजेंसियों की एक टीम अमेरिका भेजी गई थी, जो अब उसे लेकर देश वापस लौट रही है। जैसे ही तहव्वुर राणा भारतीय जमीन पर कदम रखेगा, उसे सबसे पहले राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) द्वारा आतंकी हमले से जुड़े केस RC-04/2009/NIA/DLI में औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया जाएगा।
एनआईए उसे सीधे अपने मुख्यालय ले जाकर पहले उसका मेडिकल परीक्षण कराएगी और फिर उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा। एजेंसी कोर्ट से राणा की कस्टडी रिमांड की मांग करेगी ताकि उससे 26/11 हमले से जुड़े अहम सुराग हासिल किए जा सकें। राणा की भारत वापसी से इस भीषण आतंकी हमले की जांच को एक बार फिर नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
दिल्ली एयरपोर्ट पर उसकी सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और SWAT कमांडो पहले से ही एयरपोर्ट पर तैनात हैं। तहव्वुर राणा को बुलेटप्रूफ गाड़ी में एनआईए मुख्यालय ले जाया जाएगा, और इस दौरान पूरे रास्ते में सुरक्षा के कई लेयर होंगे। काफिले में दिल्ली पुलिस की कई गाड़ियां शामिल रहेंगी ताकि किसी भी संभावित खतरे से निपटा जा सके।
गृह मंत्रालय ने इस मामले की कानूनी कार्रवाई को मजबूती देने के लिए वरिष्ठ अधिवक्ता नरेंद्र मनन को विशेष लोक अभियोजक नियुक्त किया है। वह कोर्ट में एनआईए की ओर से पेश होकर तहव्वुर राणा के खिलाफ पैरवी करेंगे।
तहव्वुर राणा की भारत वापसी ने एक बार फिर 26/11 हमले की खौफनाक यादें ताजा कर दी हैं। अब सबकी निगाहें एनआईए की जांच और राणा से मिलने वाले संभावित खुलासों पर टिकी हैं, जिससे इस जघन्य हमले की साजिश में शामिल अन्य चेहरों पर से भी पर्दा उठ सकता है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।