हत्या के आरोपियों ने दी केस वापस लेने की धमकी, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
टेन न्यूज नेटवर्क
ग्रेटर नोएडा (10 अप्रैल 2025): इकोटेक-1 थाना क्षेत्र के लुक्सर गांव में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां हत्या के आरोपियों ने पीड़ित परिवार पर केस वापस लेने का दबाव बनाते हुए जान से मारने की धमकी दी है। इस संबंध में मृतक के चाचा छतर सिंह ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। छतर सिंह ने बताया कि पिछले साल 18 अगस्त को उनके भतीजे विनय की गांव के ही पांच लोगों ने बेरहमी से हत्या कर दी थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। हालांकि, कुछ समय बाद सभी आरोपी जमानत पर रिहा हो गए।
हाल ही में छतर सिंह एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे, जहां आरोपी पक्ष के दो व्यक्तियों ने उन्हें धमकाया। पीड़ित का कहना है कि उनमें से एक की पहचान आशीष उर्फ झोझा के रूप में हुई है, जबकि दूसरा व्यक्ति अज्ञात है। धमकी देने वालों ने कहा कि यदि उन्होंने हत्या का मुकदमा वापस नहीं लिया तो उन्हें और उनके परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।
छतर सिंह ने आरोपियों को दबंग प्रवृत्ति का बताया और कहा कि वे लगातार दबाव बनाकर डराने की कोशिश कर रहे हैं। इससे उनका पूरा परिवार डरा और सहमा हुआ है। उन्होंने प्रशासन से सुरक्षा मुहैया कराने की मांग भी की है। पीड़ित की शिकायत पर इकोटेक-1 थाना पुलिस ने आशीष उर्फ झोझा और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
कोतवाली प्रभारी अरविंद वर्मा ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और शीघ्र ही आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आश्वस्त किया है कि पीड़ित परिवार को हर संभव सुरक्षा प्रदान की जाएगी।यह घटना एक बार फिर से जमानत पर रिहा आरोपियों द्वारा पीड़ितों को धमकाने की गंभीरता को उजागर करती है। अब देखना होगा कि पुलिस और प्रशासन इस मामले में कितनी तत्परता और गंभीरता दिखाते हैं।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।