नई दिल्ली (09 अप्रैल 2025): दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा द्वारा मंगलवार को भाजपा राष्ट्रीय कार्यालय विस्तार में भगवान महावीर के 2550वें निर्वाणोत्सव एवं 2624वें जन्म कल्याणक वर्ष के पावन उपलक्ष्य में ‘तीर्थंकर भगवान महावीर गाथा’ का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर राष्ट्र संत परंपराचार्य श्री 108 प्रज्ञा सागर जी मुनिराज की पावन प्रेरणा एवं परम सान्निध्य प्राप्त हुआ, जिनके द्वारा दिव्य कथा वाचन किया गया।
इस आध्यात्मिक आयोजन में केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन राणा, प्रदेश महामंत्री विष्णु मित्तल, वरिष्ठ नेता वी. सतीश, कार्यक्रम संचालक पंकज जैन, प्रवीण जैन,कैलाश जैन, निर्मल जैन, पूर्व सांसद रमेश बिधूड़ी, प्रदेश मंत्री सारिका जैन और सह कार्यालय मंत्री अमित गुप्ता सहित सैकड़ों की संख्या में जैन अनुयायी और भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इस अवसर पर राष्ट्र संत श्री प्रज्ञा सागर मुनिराज ने दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा को “दिल्ली का गौरव” सम्मान से विभूषित करते हुए उन्हें एक प्रशस्ति पत्र भेंट किया। उन्होंने कहा कि हमारा देश धर्म प्रधान और कृषि प्रधान है, इसीलिए यह सोने की चिड़िया कहलाता है। हर व्यक्ति अपने कर्मों के अनुसार सुखी या दुखी होता है, इसलिए श्रेष्ठ कर्मों को प्राथमिकता देना ही हमारी संस्कृति की पहचान है।
श्री मुनिराज ने कहा कि जिस देश के प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति दोनों शाकाहारी हों, वहां भगवान महावीर के शांति और अहिंसा के संदेशों को फैलाना सहज हो जाता है। उन्होंने कहा कि राजनीति में धर्म का समावेश राजनीति को सुंदर बनाता है, लेकिन धर्म में राजनीति नहीं आनी चाहिए—इस संतुलन को बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने देश को विकसित राष्ट्र बनाने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दृष्टिकोण की सराहना करते हुए कहा कि यह राष्ट्र धर्म, शांति और सद्भाव से ही प्रगति की राह पर आगे बढ़ेगा।
इस अवसर पर वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि वे स्वयं को सौभाग्यशाली मानते हैं कि भाजपा कार्यालय जैसे कर्मभूमि में राष्ट्र संत का पावन सान्निध्य प्राप्त हुआ। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि जिस दिन वे अध्यक्ष बने, उसी दिन उन्होंने श्री मुनिराज से आशीर्वाद प्राप्त किया था और तब से अब तक लगातार विजय की राह पर हैं—चाहे वह लोकसभा चुनाव हो या विधानसभा। उन्होंने भगवान महावीर के ‘जिओ और जीने दो’ के सिद्धांत को आज भी अत्यंत प्रासंगिक बताया और कहा कि दिल्ली भाजपा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में समाज कल्याण के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करती रहेगी।
केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने भी इस मौके पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि श्री मुनिराज के आशीर्वाद से भाजपा कार्यालय और समूची पार्टी पुण्य का भागी बनी है। उन्होंने कहा कि “जिओ और जीने दो” की शिक्षा केवल धार्मिक नहीं बल्कि सामाजिक सौहार्द और वैश्विक शांति का आधार है। श्री मल्होत्रा ने प्रधानमंत्री मोदी की वैश्विक स्वीकार्यता की ओर इशारा करते हुए कहा कि आज पूरा विश्व भारत और उसके नेतृत्व की ओर देख रहा है।
इस आयोजन ने न केवल धर्म और संस्कृति को एक मंच पर लाकर आध्यात्मिक चेतना का संचार किया, बल्कि राजनीति में नैतिकता और मूल्यों के महत्व को भी रेखांकित किया। भाजपा द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम भगवान महावीर के सिद्धांतों और प्रधानमंत्री मोदी के ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हुआ।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।