नई दिल्ली (09 अप्रैल 2025): दिल्ली की नई भाजपा सरकार के मंत्रियों को आखिरकार उनके सरकारी बंगले मिल गए हैं। मंत्रिमंडल के अधिकांश सदस्य अब अपने-अपने नए पते पर शिफ्ट होने को तैयार हैं। वहीं, नेता विपक्ष बनीं आतिशी को भी नया सरकारी आवास आवंटित कर दिया गया है। लेकिन इस बीच सबकी निगाहें एक बड़े सवाल पर टिकी हैं कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता किस बंगले में रहेंगी? इसका फैसला अब तक लंबित है।
शिक्षा मंत्री आशीष सूद और स्वास्थ्य मंत्री पंकज सिंह को चाणक्यपुरी की मालचा रोड पर आलीशान सरकारी आवास आवंटित हुए हैं। दोनों मंत्री राजधानी के इस वीवीआईपी इलाके में जल्द ही शिफ्ट होने वाले हैं। दूसरी ओर, पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा को विंडसर रोड स्थित वही बंगला दोबारा आवंटित हुआ है, जिसमें वे सांसद रहते हुए रह चुके हैं। हालांकि उन्होंने 2024 का लोकसभा चुनाव नहीं लड़ा, लेकिन नियमों के तहत किराया चुकाकर वे वहां बने हुए थे।
कानून मंत्री कपिल मिश्रा और सामाजिक कल्याण मंत्री रविंद्र इन्द्रराज को सिविल लाइंस क्षेत्र में बंगले दिए गए हैं। मोहन सिंह बिष्ट को पर्यावरण मंत्री गोपाल राय का पुराना बंगला मिला है, जो राजनिवास मार्ग पर स्थित है और दिल्ली के प्रमुख राजनीतिक इलाकों में शुमार होता है।
पूर्व मुख्यमंत्री और अब नेता विपक्ष आतिशी का भी सरकारी आवास बदल गया है। उन्हें दरियागंज की अंसारी रोड पर स्थित 115 नंबर बंगला आवंटित हुआ है। मंत्री रहते हुए उन्हें मथुरा रोड पर बंगला मिला था, लेकिन बाद में उन्हें वह बंगला भी ऑफर किया गया, जिसमें अरविंद केजरीवाल रहते थे। हालांकि, आतिशी ने कभी उस बंगले में कदम नहीं रखा।
इस पूरी प्रक्रिया के बीच अब सबसे बड़ा सवाल है मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का सरकारी निवास। भाजपा सरकार इस बात को पहले ही स्पष्ट कर चुकी है कि मुख्यमंत्री उस बंगले में नहीं रहेंगी, जिसे पार्टी “शीशमहल” कहती है जहां पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल रहते थे। फिलहाल, लुटियंस दिल्ली में नए आवास की तलाश जारी है और यह तय करना बाकी है कि राजधानी की नई मुख्यमंत्री कहां अपना डेरा डालेंगी।
सरकारी बंगले की यह नई फेरबदल न सिर्फ राजधानी की सत्ता संरचना में बदलाव को दर्शाती है, बल्कि यह भी बताती है कि नई सरकार पुरानी परंपराओं से दूरी बनाते हुए नई राजनीतिक शैली की ओर बढ़ रही है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।