New Delhi News (25 November 2026): दिल्ली के युवाओं और महिलाओं को कौशल विकास के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में शालीमार बाग में लगभग 8 एकड़ क्षेत्र में अत्याधुनिक स्किल डेवलपमेंट सेंटर विकसित किया जाएगा। इस कैंपस का उद्देश्य युवाओं को आधुनिक तकनीक और रोजगार से जुड़े कौशल का प्रशिक्षण देना है, ताकि वे नौकरी पाने के साथ-साथ अपना व्यवसाय भी शुरू कर सकें। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘स्किल इंडिया’ विजन के अनुरूप विकसित होने वाला यह केंद्र दिल्ली में कौशल प्रशिक्षण और रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हो सकता है।
इस स्किल डेवलपमेंट सेंटर में 14 अत्याधुनिक लैब और स्मार्ट क्लासरूम बनाए जाएंगे। यहां 12वीं पास युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), आईटी और विभिन्न तकनीकी क्षेत्रों में प्रशिक्षण दिया जाएगा। बदलती तकनीकी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए युवाओं को आधुनिक उद्योगों और रोजगार बाजार के अनुरूप तैयार करने पर जोर रहेगा। इसके अलावा प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले युवाओं को प्लेसमेंट की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे उन्हें रोजगार हासिल करने में मदद मिल सके।
महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए भी इस परिसर में विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे। इसके तहत फैशन, ब्यूटी, बेकरी और सिलाई जैसे रोजगारपरक कोर्स उपलब्ध होंगे। साथ ही, अपना व्यवसाय शुरू करने की इच्छुक महिलाओं और युवाओं को उद्यमिता से संबंधित प्रशिक्षण और मार्गदर्शन दिया जाएगा। कैंपस में 2 एकड़ का हॉर्टिकल्चर ट्रेनिंग फील्ड भी विकसित किया जाएगा, जहां बागवानी से जुड़े व्यावहारिक कौशल सीखने का अवसर मिलेगा। प्रशिक्षण लेने वाले अभ्यर्थियों के लिए हॉस्टल की सुविधा भी उपलब्ध कराने की योजना है।
इस केंद्र की एक खास विशेषता महिलाओं की पारिवारिक जिम्मेदारियों को ध्यान में रखकर तैयार की गई व्यवस्था होगी। ऐसी महिलाओं के लिए, जो बच्चों और परिवार की जिम्मेदारियों के कारण नियमित प्रशिक्षण नहीं ले पाती हैं, फ्लेक्सिबल ट्रेनिंग आवर्स यानी अपनी सुविधानुसार प्रशिक्षण का समय चुनने की व्यवस्था होगी। इसके साथ ही छोटे बच्चों की देखभाल के लिए क्रैच की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। इस पहल का व्यापक उद्देश्य कौशल विकास को केवल प्रशिक्षण तक सीमित न रखकर उसे रोजगार, स्वरोजगार और आर्थिक आत्मनिर्भरता से जोड़ना है, ताकि दिल्ली के युवाओं और महिलाओं को अपनी प्रतिभा के अनुसार आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिल सकें।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।