जेजे एक्ट के पुराने मामले भी चिल्ड्रेन कोर्ट में होंगे ट्रांसफर, दिल्ली हाईकोर्ट का बड़ा फैसला

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (24 November 2026): दिल्ली हाईकोर्ट ने बच्चों की देखरेख और संरक्षण से जुड़े मामलों में एक महत्वपूर्ण फैसला सुनाते हुए स्पष्ट किया है कि किशोर न्याय (बालकों की देखरेख और संरक्षण) अधिनियम, 2015 के तहत दर्ज पुराने लंबित मामलों की सुनवाई भी अब चिल्ड्रेन कोर्ट में होगी। अदालत ने जेजे एक्ट में वर्ष 2021 में किए गए संशोधन को पूर्वव्यापी प्रभाव से लागू करने का निर्देश दिया है। इसका मतलब है कि संशोधन लागू होने से पहले यदि किसी मामले की सुनवाई न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी (जेएमएफसी) की अदालत में चल रही थी, तो उसे भी अब चिल्ड्रेन कोर्ट में स्थानांतरित करना होगा। हाईकोर्ट के इस फैसले से जेजे एक्ट के तहत दर्ज मामलों की सुनवाई की व्यवस्था में महत्वपूर्ण बदलाव होगा।

जस्टिस नवीन चावला और जस्टिस अरुण भारद्वाज की खंडपीठ ने कहा कि जेजे एक्ट की धारा 86(4) में वर्ष 2021 में किया गया संशोधन अदालत के अधिकार क्षेत्र और मुकदमे की सुनवाई के मंच से संबंधित प्रक्रियात्मक बदलाव है। इसलिए इसे केवल नए मामलों तक सीमित नहीं रखा जा सकता, बल्कि संशोधन लागू होने के समय लंबित मामलों पर भी इसका प्रभाव पड़ेगा। जुवेनाइल जस्टिस अमेंडमेंट एक्ट, 2021 का यह प्रावधान 1 सितंबर 2022 से प्रभावी हुआ था। हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया कि इस संशोधन के बाद किशोर न्याय अधिनियम के अंतर्गत आने वाले सभी अपराधों की सुनवाई चिल्ड्रेन कोर्ट में ही की जानी चाहिए।

दरअसल, वर्ष 2021 के संशोधन से पहले जेजे एक्ट के तहत अपराधों की सुनवाई सजा की अवधि के आधार पर अलग-अलग अदालतों में होती थी। सात साल से अधिक सजा वाले अपराध चिल्ड्रेन कोर्ट, तीन से सात साल तक की सजा वाले अपराध न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी और तीन साल से कम सजा वाले अपराध किसी भी मजिस्ट्रेट की अदालत में सुने जाते थे। लेकिन संशोधन के बाद धारा 86(4) में बदलाव कर दिया गया और अधिनियम के तहत आने वाले सभी अपराधों की सुनवाई चिल्ड्रेन कोर्ट के अधिकार क्षेत्र में कर दी गई। हाईकोर्ट ने यह भी कहा कि केवल सुनवाई की अदालत बदलने से किसी पक्ष के मुकदमे के अधिकार प्रभावित नहीं होते और न ही आरोपी का अपील करने का अधिकार समाप्त होता है। इसमें केवल अपील की सुनवाई का मंच बदलता है।

हालांकि, हाईकोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि किसी आपराधिक मामले में पीड़ित के नाबालिग होने मात्र से मुकदमे की सुनवाई चिल्ड्रेन कोर्ट में नहीं होगी। यदि भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) या भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) के तहत कोई सामान्य अपराध दर्ज किया गया है और पीड़ितों में कोई एक बच्चा है, तो सिर्फ इस आधार पर मामला चिल्ड्रेन कोर्ट में स्थानांतरित नहीं किया जा सकता। ऐसे मामलों की सुनवाई संबंधित अपराध के लिए कानून में निर्धारित अदालत में ही होगी, जब तक कि किसी अन्य कानून में अलग व्यवस्था न हो। अदालत ने कहा कि जेजे एक्ट की धारा 86(4) केवल इसी अधिनियम के तहत आने वाले अपराधों पर लागू होती है। इसी तरह बाल अधिकार संरक्षण आयोग अधिनियम, 2005 की धारा 25 भी हर उस आपराधिक मामले को चिल्ड्रेन कोर्ट में भेजने का अधिकार नहीं देती, जिसमें कोई बच्चा पीड़ित हो।

यह पूरा मामला दिल्ली के साकेत कोर्ट में चल रहे स्टेट बनाम उदय कुमार मुकदमे से जुड़ा है। लाजपत नगर थाने में वर्ष 2021 में दर्ज एफआईआर संख्या 479/2021 के आधार पर इस मामले की सुनवाई चल रही थी। 24 जनवरी 2026 को दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के साकेत कोर्ट में अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश (पॉक्सो) ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 436 के तहत दो कानूनी सवालों पर दिल्ली हाईकोर्ट से राय मांगी थी। हाईकोर्ट ने दोनों सवालों पर स्थिति स्पष्ट करते हुए रेफरेंस का निपटारा कर दिया और फैसले की प्रति आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित अदालत को भेजने का निर्देश दिया। इस फैसले से स्पष्ट हो गया है कि जेजे एक्ट के तहत पुराने और नए सभी लंबित मामलों की सुनवाई चिल्ड्रेन कोर्ट में होगी, जबकि सामान्य आपराधिक मामलों में केवल नाबालिग पीड़ित होने के आधार पर अदालत नहीं बदलेगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।