भाजपा स्थापना दिवस के अवसर पर ग्रेटर नोएडा में भव्य कार्यक्रम

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा, (07 अप्रैल 2025): भारतीय जनता पार्टी के 45वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आज ग्रेटर नोएडा मंडल के सेक्टर 151 स्थित क्लब हाउस, जेपी अमन में बूथ संख्या 713 पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भाजपा के राज्यसभा सांसद, वरिष्ठ नेता एवं राष्ट्रीय महामंत्री माननीय अरुण सिंह ने भाजपा का ध्वज फहराकर कार्यक्रम की शुरुआत की। साथ ही उन्होंने भारत माता, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।

इस विशेष आयोजन में भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने अरुण सिंह का गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्यक्रम में भाजपा के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेश शर्मा तथा एमएलसी श्रीचंद शर्मा की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने की एवं संचालन जिला महामंत्री दीपक भारद्वाज द्वारा किया गया।

अपने संबोधन में राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने कहा कि भाजपा का 45वां स्थापना दिवस पूरे भारतवर्ष में बूथ स्तर से लेकर प्रदेश व राष्ट्रीय स्तर तक मनाया जा रहा है। 6 अप्रैल से 12 अप्रैल तक विभिन्न कार्यक्रमों की श्रृंखला में यह आयोजन जनता के बीच पार्टी की विचारधारा और उपलब्धियों को पहुँचाने का माध्यम बन रहा है। उन्होंने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के योगदान को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।

अरुण सिंह ने बताया कि 6 अप्रैल 1980 को भाजपा की स्थापना के बाद अनेक संघर्षों से गुज़रते हुए पार्टी ने आज देश में एनडीए के तहत प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में तीसरा कार्यकाल पूरा कर लिया है। उन्होंने धारा 370 के हटने, राम मंदिर निर्माण, और वक्फ बोर्ड के दुरुपयोग को समाप्त करने जैसे ऐतिहासिक फैसलों का उल्लेख करते हुए भाजपा सरकार की उपलब्धियों को रेखांकित किया। उन्होंने कांग्रेस की पिछली सरकारों पर वक्फ बोर्ड के माध्यम से जमीन हड़पने के आरोप लगाए और कहा कि अब ऐसा नहीं चलेगा — अब पहले कागज़ दिखाना पड़ेगा।

उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था मजबूत हुई है और विकास कार्यों के साथ-साथ आध्यात्मिक आयोजनों को भी बढ़ावा मिला है। प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ में देश-विदेश से 66 करोड़ श्रद्धालुओं ने भाग लिया, जो उत्तर प्रदेश की प्रशासनिक क्षमता का परिचायक है।

सांसद डॉ. महेश शर्मा ने भाजपा की नीतियों और विचारधारा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत से चलती है और आज विश्व की सबसे बड़ी प्राथमिक सदस्यता वाली राजनीतिक पार्टी बन चुकी है। उन्होंने नए लोगों को पार्टी से जोड़ने का आह्वान किया।

एमएलसी श्री श्रीचंद शर्मा ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है, और कार्यकर्ता ही इसकी असली ताकत हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे संगठन के कार्यों में समर्पण के साथ लगे रहें और पार्टी की विचारधारा को घर-घर पहुँचाएँ।

अंत में जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा की जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुँचाने में कार्यकर्ताओं की अहम भूमिका है, और सेवा भाव से कार्य करते रहना ही पार्टी की सच्ची सेवा है।

इस अवसर पर प्रमुख रूप से जिला महामंत्री दीपक भारद्वाज, वरिष्ठ नेता सुभाष भाटी, जिला उपाध्यक्ष सतेन्द्र नागर, दीपक नागर, मीडिया प्रभारी कर्मवीर आर्य, मंडल अध्यक्ष अर्पित तिवारी, वीरेन्द्र भाटी, रवि जिन्दल, अरुण प्रधान, महेश शर्मा, नवीन भाटी, अमन कौशिक, नीतीश भाटी, राजेश शर्मा, संजय चौहान सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

यह कार्यक्रम न केवल भाजपा के स्थापना दिवस को गौरवपूर्ण ढंग से मनाने का प्रतीक बना, बल्कि कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और जोश का संचार भी किया।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।