रामभक्तों से गूंज उठा इस्कॉन नोएडा मंदिर, 2000 से अधिक भक्तों ने भव्य रामनवमी उत्सव में लिया भाग
टेन न्यूज नेटवर्क
नोएडा, (06 अप्रैल 2025): इस्कॉन नोएडा मंदिर में आज रामनवमी का पावन उत्सव अत्यंत भव्यता और श्रद्धा के साथ मनाया गया। प्रभु श्रीराम के जन्मोत्सव के अवसर पर आयोजित इस आयोजन में लगभग 2000 श्रद्धालु भक्तों ने भाग लिया। पूरे मंदिर परिसर को रंग-बिरंगे फूलों और आकर्षक सजावट से सजाया गया था, जो भक्तों को दिव्य अनुभूति प्रदान कर रहा था।
उत्सव की शुरुआत प्रातः 4:30 बजे भगवान के मंगल आरती दर्शन से हुई। इसके बाद प्रातः 10:30 बजे इस्कॉन के सुप्रसिद्ध भजन गायकों द्वारा हरे कृष्ण महामंत्र तथा श्रीराम भजनों का मधुर कीर्तन किया गया, जिससे मंदिर परिसर भगवान श्रीराम के जयघोषों से गूंज उठा। भक्तों ने उल्लासपूर्वक नृत्य करते हुए भगवान के कीर्तन में भाग लिया।
श्रीराम का विशेष पञ्चगव्य अभिषेक किया गया, जिसमें दूध, दही, शहद, ताजे फलों के रस एवं पुष्पों का प्रयोग किया गया। भगवान को 56 प्रकार के भोग अर्पित किए गए। मंदिर के सह-अध्यक्ष श्रीमन वेदांत चैतन्य प्रभुजी ने भावपूर्ण प्रवचन में श्रीराम की लीलाओं और उनके आदर्शों का वर्णन किया। उन्होंने बताया कि कैसे हम श्रीराम के जीवन से प्रेरणा लेकर अपने जीवन को सफल बना सकते हैं।
कार्यक्रम के अंत में महाआरती का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने दीप जलाकर आरती में भाग लिया। उत्सव के समापन पर सभी उपस्थित भक्तों को स्वादिष्ट शुद्ध शाकाहारी प्रसाद वितरित किया गया।
यह आयोजन इस्कॉन नोएडा के गोविंद धाम एवं भक्तिवेदांत एकेडमी द्वारा आयोजित किया गया।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।