निजी स्कूलों की फीस वृद्धि और महंगी किताबों पर रोक की मांग, BKU चढूनी ने डीएम को सौंपा ज्ञापन

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (5 अप्रैल 2025): भारतीय किसान यूनियन (BKU) चढूनी ने ग्रेटर नोएडा में निजी स्कूलों द्वारा की जा रही फीस वृद्धि और महंगी किताबों पर कड़ी आपत्ति जताई है। संगठन ने इन मुद्दों का समाधान कराने के लिए जिलाधिकारी (डीएम) अरविंद कुमार को ज्ञापन सौंपा, जिसमें प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को संबोधित किया गया है।

बीकेयू के युवा जिला उपाध्यक्ष मोनू कसाना ने कहा कि वर्तमान में प्रदेश के निजी स्कूलों में फीस बढ़ोतरी और महंगी किताबों का चलन बेतहाशा बढ़ गया है, जिससे किसानों, मजदूरों और गरीब अभिभावकों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्कूलों में एनसीईआरटी की किताबों का इस्तेमाल नहीं किया जा रहा, और इसके बजाय निजी प्रकाशकों की महंगी किताबें छात्रों को दी जा रही हैं, जिससे अभिभावकों को अतिरिक्त वित्तीय संकट का सामना करना पड़ रहा है।

बीकेयू ने प्रशासन से इन समस्याओं का तत्काल समाधान करने की अपील की है। मोनू कसाना ने चेतावनी दी कि अगर सरकार और प्रशासन ने इस पर गंभीर कदम नहीं उठाए, तो संगठन पूरे प्रदेश में विरोध प्रदर्शन और आंदोलन शुरू करेगा।

ज्ञापन सौंपने के दौरान संगठन के जिलाध्यक्ष इरफान प्रधान, शराफत नंबरदार, अकरम अली खान सहित कई अन्य पदाधिकारी भी मौजूद थे।BKU चढूनी के इस कदम ने निजी स्कूलों की मनमानी पर अंकुश लगाने के लिए एक मजबूत आवाज उठाई है, और यह देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में कितनी तत्परता से कार्रवाई करता है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।