सूरजपुर की टायर फैक्ट्री में लगी भीषण आग, इलाके में मचा हड़कंप!

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा, (05 अप्रैल 2025): ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक टायर बनाने वाली फैक्ट्री में शुक्रवार रात अचानक भीषण आग लग गई, जिससे पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कुछ ही समय में फैक्ट्री का बड़ा हिस्सा चपेट में आ गया।

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास जारी है। दमकलकर्मी पूरी मुस्तैदी से आग बुझाने में जुटे हैं, लेकिन आग की तीव्रता के चलते उन्हें काफी मशक्कत का सामना करना पड़ रहा है। अभी तक आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, लेकिन शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है।

घटना के बाद आसपास के इलाके में दहशत का माहौल बन गया है और सुरक्षा के मद्देनज़र फैक्ट्री के आस-पास के इलाकों को खाली करा लिया गया है। फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन भारी आर्थिक नुकसान की संभावना जताई जा रही है।

टेन न्यूज नेटवर्क की टीम को संबंधित अधिकारी जितेंद्र कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि मौके पर जनपथ की सभी दमकल गाड़ियाँ मौजूद थीं, वहीं गाजियाबाद और बुलंदशहर की दमकल गाड़ियाँ भी घटनास्थल पर पहुंची थीं। शुक्रवार रात करीब 10 बजे आग लगने की सूचना मिली थी, जिसके बाद दमकल विभाग तत्काल मौके पर पहुँचा। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। आग पर काबू पा लिया गया है, लेकिन फायर फाइटिंग अभी भी जारी है।

स्थानीय प्रशासन और पुलिस भी मौके पर मौजूद हैं और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। फिलहाल प्राथमिकता आग पर काबू पाने की है ताकि किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।