अवैध निर्माण पर प्रशासन की सख्ती, अधिकारियों की टीम ने किया निरीक्षण | Noida Authority

 

टेन न्यूज नेटवर्क

नोएडा (01 अप्रैल, 2025): मुख्य कार्यपालक अधिकारी के निर्देश पर 29 मार्च 2025 को विशेष अधिकारियों की टीम ने ग्राम सलारपुर खादर, हनुमान मूर्ति, बरोला और बहलोलपुर बहुआयामी क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने पाया कि ग्राम सलारपुर खादर में बिना अनुमति के बड़े पैमाने पर अवैध निर्माण हो रहे हैं।

निरीक्षण के बाद, अधिकारियों ने अवैध निर्माण को तुरंत रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने का आदेश दिया। इस संबंध में क्षेत्रीय अवर अभियंता श्री लोकेश शर्मा को प्राधिकरण से सेवाएं समाप्त करने का आदेश दिया गया। वहीं, लेखपाल श्री विनय सिंह को भी निलंबित करने के लिए संबंधित जिला अधिकारी को पत्र भेजा गया है। इसके अलावा, उस क्षेत्र के वरिष्ठ प्रबंधक, वर्क सर्किल-3 और 8 को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि कई अवैध निर्माणकर्ता न्यायालय के आदेशों की गलत व्याख्या कर अवैध निर्माण कर रहे हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि इस मामले में पुलिस को वस्तुस्थिति से अवगत कराकर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

प्रशासन की इस सख्ती से अवैध निर्माणकर्ताओं में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने जनता से अपील की है कि वे किसी भी अवैध निर्माण में शामिल न हों, अन्यथा सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

टिप्पणियाँ बंद हैं।