Breaking News: नोएडा के कृष्णा अपरा प्लाजा में भीषण आग, लोगों में मचा हड़कंप!
टेन न्यूज नेटवर्क
नोएडा, (01 अप्रैल 2025): नोएडा के सेक्टर 18 स्थित कृष्णा अपरा प्लाजा में बुधवार सुबह अचानक भीषण आग लग गई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। यह प्लाजा एक बहुमंजिला इमारत है और आग ग्राउंड फ्लोर पर भड़क उठी। आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है, लेकिन एडीशनल सीपी शिव हरि मीणा ने प्राथमिक जांच में इसे शॉर्ट सर्किट का नतीजा बताया है।

आग लगते ही प्लाजा में मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। अपनी जान बचाने के लिए कुछ लोगों ने इमारत से छलांग लगा दी, जबकि कई लोग अंदर फंसे रह गए। मौके पर दमकल विभाग की कई गाड़ियां पहुंच चुकी हैं और आग पर काबू पाने के प्रयास जारी हैं।
यह घटना थाना सेक्टर 20 क्षेत्र में हुई, जहां पुलिस और प्रशासन की टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। हालांकि, अभी तक किसी बड़ी जनहानि की सूचना नहीं मिली है, लेकिन आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। प्रशासन ने लोगों से संयम बरतने और आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।
मिली जानकारी के मुताबिक इस भीषण अग्निकांड में 07 लोग झुलस गए हैं। सभी को कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां तीन लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है।
वही टेन न्यूज़ की टीम इस घटना को लेकर अधिक जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है, विस्तृत जानकारी मिलने के बाद खबर को अपडेट किया जाएगा।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।