ग्रेटर नोएडा, (31 मार्च 2025): ग्रेटर नोएडा के हबीबपुर में स्थित एक कूलर निर्माण फैक्ट्री में सोमवार को भीषण आग लग गई, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। आग इतनी भयावह थी कि आसमान में काले धुएं के गुबार छा गए, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने के कुछ ही देर बाद उसने विकराल रूप ले लिया और पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। हालांकि, आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि उसे नियंत्रित करने में दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
फैक्ट्री में आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है, लेकिन प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह शॉर्ट सर्किट के कारण लगने की आशंका जताई जा रही है। राहत और बचाव कार्य जारी है, और प्रशासन इस घटना की गहन जांच कर रहा है।
आग की घटना के चलते आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय निवासी भयभीत होकर अपने घरों से बाहर निकल आए। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और दमकल कर्मियों को सहयोग देने की अपील की है।
इस घटना को लेकर टेन न्यूज की टीम संबंधित अधिकारियों से बातचीत करने का प्रयास कर रही है। जैसे ही कोई आधिकारिक बयान सामने आएगा, खबर को अपडेट किया जाएगा।।
टेन न्यूज नेटवर्क के साथ टेलीफोनिक बातचीत में अग्निशमन अधिकारी सूरजपुर, जितेंद्र कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि जनपद की सभी फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं और आग पर काबू पाने का प्रयास कर रही हैं। अभी काफी हद तक आग पर नियंत्रण पा लिया गया है, लेकिन अब तक इसे पूरी तरह से नहीं बुझाया जा सका है।
आगे उन्होंने बताया कि अभी तक यह पुष्टि नहीं हो पाई है कि फैक्ट्री के अंदर कितने लोग मौजूद थे और इस हादसे में कितना नुकसान हुआ है। वहीं, सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, जिस समय फैक्ट्री में आग लगी, उस समय लोग अंदर मौजूद थे। हालांकि, अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उनकी संख्या कितनी थी।।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक थाना ईकोटेक-3 क्षेत्र के हबीबपुर गांव में स्थित ओशियन मोल्ड प्लास्ट कंपनी, जो प्लास्टिक के कूलर बनाने का कार्य करती है, में सोमवार को अचानक भीषण आग लग गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां आग बुझाने के प्रयास में जुट गईं, लेकिन आग इतनी तेजी से फैली कि उसने आसपास की अन्य कंपनियों को भी अपनी चपेट में ले लिया।
डीसीपी सेंट्रल सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, स्थानीय पुलिस बल और तीन थाना प्रभारी मौके पर मौजूद हैं। फायर ब्रिगेड की 26 गाड़ियां आग बुझाने में लगी हुई हैं। राहत की बात यह है कि अभी तक किसी के फंसे होने या किसी प्रकार की जनहानि की कोई सूचना नहीं मिली है।
ईद की छुट्टी होने के कारण फैक्ट्री में आज कोई वर्कर मौजूद नहीं था, जिससे अंदर किसी के घायल होने की संभावना भी नहीं है। हालांकि, घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
वहीं, कूलर कंपनी के पास स्थित Mirada Creatives के अश्विनी कुमार ने आरोप लगाया कि आग पहले छोटी थी, लेकिन दमकल विभाग के देर से पहुंचने के कारण लपटें तेजी से फैल गईं। उन्होंने कहा कि अगर दमकल कर्मी समय पर पहुंच जाते, तो आग को पहले ही नियंत्रित किया जा सकता था।
फिलहाल, प्रशासन आग लगने के कारणों की जांच कर रहा है और दमकल कर्मी आग पर काबू पाने में जुटे हुए हैं।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।