ग्रेटर नोएडा में चार दिवसीय भारतीय नववर्ष स्वागत उत्सव ‘उमंग 2082’ का भव्य आयोजन

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा, (26 मार्च 2025): भारतीय नववर्ष के स्वागत में ग्रेटर नोएडा के सम्राट मिहिर भोज सिटी पार्क में 28 से 31 मार्च 2025 तक चार दिवसीय भारतीय नववर्ष स्वागत उत्सव ‘उमंग 2082’ का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन की जिम्मेदारी भारतीय पर्व आयोजन समिति द्वारा निभाई जा रही है, जो बीते 19 वर्षों से लगातार इस परंपरा को निभाती आ रही है। इस वर्ष भी पूरे उल्लास और धूमधाम के साथ भारतीय नववर्ष को मनाने की तैयारी की गई है।

आज 26 मार्च, बुधवार को आयोजित एक प्रेस वार्ता में भारतीय पर्व आयोजन समिति के अध्यक्ष ओम प्रकाश अग्रवाल ने बताया कि इस बार भी कार्यक्रम को विशेष रूप से सांस्कृतिक रंग देने के लिए कई प्रतियोगिताएं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रखी गई हैं। यह आयोजन प्रत्येक दिन शाम 4:00 बजे से रात 10:00 बजे तक चलेगा, जिसमें विभिन्न कार्यक्रम होंगे।

मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथि करेंगे कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई

इस भव्य आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में कपिल देव अग्रवाल, (राज्य मंत्री, स्वतंत्र प्रभार, कौशल विकास, उत्तर प्रदेश सरकार) उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा, विशिष्ट अतिथियों में सांसद डॉ. महेश शर्मा (गौतमबुद्ध नगर), सांसद अतुल गर्ग (गाजियाबाद, पूर्व राज्य मंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार), विधायक तेजपाल नागर (दादरी), विधायक धीरेन्द्र सिंह (जेवर) और एमएलसी श्रीचंद शर्मा (एमएलसी) शामिल होंगे। इसके अतिरिक्त, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के कई वरिष्ठ अधिकारी भी इस कार्यक्रम में भाग लेंगे।

चार दिनों तक होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम और प्रतियोगिताएं

भारतीय नववर्ष स्वागत उत्सव ‘उमंग 2082’ के तहत चार दिन तक विभिन्न सांस्कृतिक और कला प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा:

28 मार्च 2025 (शुक्रवार) – रंगोली प्रतियोगिता और “मिले सुर मेरा तुम्हारा” एकल गायन प्रतियोगिता।

29 मार्च 2025 (शनिवार) – चित्रकला, मेहंदी प्रतियोगिता, “मिले सुर मेरा तुम्हारा” समूह गायन प्रतियोगिता और चंद्रा म्यूजिक द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम।

30 मार्च 2025 (रविवार) – “इन्द्रधनुष” एकल नृत्य प्रतियोगिता।

31 मार्च 2025 (सोमवार) – समूह नृत्य प्रतियोगिता और भारत विकास परिषद द्वारा भव्य कवि सम्मेलन।

भारतीय संस्कृति के रंग में रंगेगा ग्रेटर नोएडा

यह आयोजन न केवल भारतीय नववर्ष का भव्य स्वागत करेगा, बल्कि भारतीय संस्कृति, कला और परंपराओं को भी उजागर करेगा। इसमें विभिन्न आयु वर्ग के लोग भाग लेंगे और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। आयोजन समिति ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे बड़ी संख्या में उपस्थित होकर इस महोत्सव का हिस्सा बनें और भारतीय संस्कृति की इस भव्य विरासत को और अधिक सशक्त बनाएं।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।