बिना डिग्री चला रही थी अस्पताल, डिलीवरी के दौरान महिला व नवजात की मौत
टेन न्यूज नेटवर्क
ग्रेटर नोएडा (23 मार्च 2025): बिना चिकित्सा डिग्री और रजिस्ट्रेशन के अस्पताल चला रही एक महिला डॉक्टर और अस्पताल प्रबंधक को थाना दादरी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई जनवरी में कृष्णा हॉस्पिटल, दादरी में एक प्रसूता और उसके नवजात शिशु की मौत के मामले में की गई है।
एडीसीपी ग्रेटर नोएडा सुधीर कुमार ने बताया कि 2 जनवरी को वादी ने अपनी भाभी को डिलीवरी के लिए कृष्णा हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। इलाज के दौरान कथित लापरवाही के कारण महिला और उसके नवजात शिशु की मौत हो गई। इस घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और सीएमओ गौतमबुद्ध नगर को रिपोर्ट सौंपी। सीएमओ द्वारा गठित जांच समिति ने निष्कर्ष में पाया कि डिलीवरी कराने वाली डॉक्टर के पास न तो कोई चिकित्सा डिग्री थी और न ही कोई वैध रजिस्ट्रेशन। इसके अलावा, प्रसव के दौरान जानबूझकर लापरवाही की गई थी, जिससे महिला और उसके बच्चे की जान चली गई।
जांच में यह भी सामने आया कि कथित महिला डॉक्टर जूही और अस्पताल प्रबंधक राजीव बिना किसी योग्यता के अस्पताल चला रहे थे। दोनों ने गैर-कानूनी रूप से महिला का प्रसव कराया, जिसके चलते यह दुखद घटना घटी। इस आधार पर थाना दादरी में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने 23 मार्च को आरोपियों को थाना दादरी गेट से गिरफ्तार कर लिया है।
यह मामला न केवल चिकित्सा क्षेत्र में लापरवाही और अनियमितताओं को उजागर करता है, बल्कि बिना योग्य डॉक्टरों द्वारा चलाए जा रहे फर्जी अस्पतालों की भी पोल खोलता है। पुलिस अब इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है, ताकि ऐसे मामलों की पुनरावृत्ति को रोका जा सके।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।