दिल्ली में बुजुर्गों पर हमले, लूट और हत्याओं से सहमे लोग, सौरभ भारद्वाज हमलावर

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (19 मार्च, 2025): दिल्ली में बढ़ते अपराधों को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता सौरव भारद्वाज ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सरकार और पुलिस पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि राजधानी में कानून व्यवस्था बदहाल है, खासकर बुजुर्गों के खिलाफ अपराध बढ़ रहे हैं, जिससे लोग दहशत में हैं। हाल ही में दिल्ली के पॉश इलाके कोहाट एनक्लेव में एक 70 वर्षीय बुजुर्ग दंपति की बेरहमी से हत्या कर दी गई। तीन दिनों तक उनकी लाशें घर में सड़ती रहीं। बुजुर्ग की गले में नेबुलाइज़र पाइप डालकर हत्या की गई, जबकि महिला को रॉड से पीट-पीटकर मारा गया। यह इलाका दिल्ली के मुख्यमंत्री के निवास के पास स्थित है, फिर भी अपराधी बेखौफ वारदात को अंजाम दे रहे हैं।

सौरभ भारद्वाज ने बताया कि अशोक विहार में भी एक बुजुर्ग दंपति के घर लूट हुई और लुटेरे उनकी गाड़ी लेकर फरार हो गए। वहीं, फतेहपुरी में दिनदहाड़े एक व्यापारी को बंदूक की नोक पर लूट लिया गया। 1 फरवरी को एक बुजुर्ग के घर से 80 लाख रुपये के मेडिकल उपकरण लूट लिए गए थे। इसी तरह पंचशील पार्क में एक बुजुर्ग को चाकू मारकर लूट की गई थी। उन्होंने दावा किया कि दिल्ली में बुजुर्गों के खिलाफ हर चौथा अपराध होता है और केंद्र सरकार, जिसके पास दिल्ली का लॉ एंड ऑर्डर है, इसे रोकने में नाकाम रही है। उन्होंने दिल्ली पुलिस पर राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस की प्राथमिकता सरकार बचाना बन गई है, अपराध रोकना नहीं।

इसके अलावा, उन्होंने पटपड़गंज के विनोद नगर में सीवर के पानी के बहाव का एक वीडियो भी दिखाया और कहा कि सरकार को बुनियादी सुविधाओं पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि दिल्ली में नाव चलाने की योजना की चर्चा हो रही थी, लेकिन विनोद नगर में बहते सीवर के पानी को देखकर लगता है कि यह योजना पहले ही लागू हो गई है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।