नोएडा पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़, घायल आरोपी गिरफ्तार

टेन न्यूज नेटवर्क

सेंट्रल नोएडा (19 मार्च, 2025): नोएडा के सेक्टर-142 थाना क्षेत्र में बीती रात पुलिस और एक बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। यह मुठभेड़ जैन पार्क के पास उस समय हुई जब पुलिस चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति आता दिखा, जिसे पुलिस ने रोकने का इशारा किया। पुलिस को देखते ही उसने गोली चला दी और भागने लगा। जवाबी फायरिंग में बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया।

पकड़े गए आरोपी का नाम पवन कुमार (28 वर्ष) है, जो ग्राम छपरौली, सेक्टर 165, थाना एक्सप्रेसवे का निवासी है। वह इस समय सेक्टर 63, नोएडा की कच्ची कॉलोनी में किराए पर रह रहा था। पुलिस ने उसके पास से दो चोरी के मोबाइल, एक तमंचा (315 बोर) और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।

पवन कुमार घरों और दुकानों में चोरी करने के साथ-साथ नशे का कारोबार भी करता था। उसने 15 मार्च 2025 को सेक्टर-143 मेट्रो स्टेशन के पास एक स्क्रैप की दुकान से दो मोबाइल फोन चुराए थे। इस मामले में पहले ही सेक्टर-142 थाना में केस दर्ज था।

पवन कुमार का आपराधिक इतिहास लंबा है। उस पर गौतमबुद्ध नगर के कई थानों में 10 से ज्यादा मामले दर्ज हैं, जिनमें एनडीपीएस एक्ट, गैंगस्टर एक्ट, चोरी, अवैध हथियार और आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमे शामिल हैं। फिलहाल, आरोपी को अस्पताल में इलाज के बाद पुलिस हिरासत में लिया गया है। पुलिस उसके अन्य आपराधिक मामलों की भी जांच कर रही है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।