महापंचायत की तैयारी तेज: किसानों के हक के लिए भाकियू की अहम बैठक संपन्न
टेन न्यूज नेटवर्क
ग्रेटर नोएडा, (17 मार्च 2025): आगामी 19 मार्च को ग्रेटर नोएडा के जीरो प्वाइंट पर होने वाली महापंचायत की तैयारियों को लेकर भारतीय किसान यूनियन (BKU) की एक महत्वपूर्ण बैठक आज गांव अट्टा गुजरान में आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता बाबा सूबेदार रन्हेरा ने की, जबकि संचालन ललित चौहान ने किया। बैठक में सैकड़ों ग्रामीण, किसान कार्यकर्ता और संगठन के पदाधिकारी शामिल हुए।
प्रदेश अध्यक्ष पवन खटाना ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार और विकास प्राधिकरण की गलत नीतियों के कारण किसानों का शोषण हो रहा है। प्राधिकरण लगातार किसानों को बरगला रहा है और उनके अधिकारों से वंचित कर रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि किसानों के हक की लड़ाई में अब पीछे हटने का कोई सवाल नहीं है और आगामी महापंचायत में हजारों किसान अपनी आवाज बुलंद करेंगे।
उन्होंने मांग रखी कि सभी प्रभावित किसानों को एक समान नीति के तहत 10% प्लॉट, 64.7% प्रतिकर, तथा 1 जनवरी 2014 से लागू नए भूमि अधिग्रहण कानून के अनुसार बाजार दर का चार गुना मुआवजा मिलना चाहिए। साथ ही, 20% प्लॉट आवंटन, भूमिधर और भूमिहीन किसानों को रोजगार एवं पुनर्वास का लाभ, तथा आबादियों का निस्तारण भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

इस महापंचायत में नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना विकास प्राधिकरण, जेवर एयरपोर्ट, जिला प्रशासन, बिजली विभाग सहित विभिन्न विकास परियोजनाओं से प्रभावित किसान अपनी समस्याओं को लेकर एकजुट होंगे। बैठक में मौजूद सभी ग्रामीणों ने आश्वासन दिया कि उनके गांवों से सैकड़ों किसान ट्रैक्टर-ट्रॉली और बसों के माध्यम से महापंचायत में शामिल होंगे और सरकार तक अपनी मांगें पहुंचाने का काम करेंगे।
बैठक में किसानों के हक की इस लड़ाई को सफल बनाने के लिए रणनीति तैयार की गई और सभी से अधिक से अधिक संख्या में महापंचायत में पहुंचने की अपील की गई। इस मौके पर बड़ी संख्या में किसान कार्यकर्ता और संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।