नई दिल्ली (17 मार्च 2025): सोमवार को बुलाई गई दिल्ली नगर निगम (MCD) की आम सभा की बैठक भारी हंगामे की भेंट चढ़ गई। जैसे ही बैठक शुरू हुई, भाजपा पार्षद वेल में आकर नारेबाजी करने लगे। इस दौरान भाजपा और आम आदमी पार्टी (AAP) के पार्षदों के बीच धक्का-मुक्की भी देखने को मिली। हंगामा इतना बढ़ गया कि भाजपा पार्षद मेयर की डेस्क पर चढ़ गए और एजेंडा की कॉपी फाड़ने के साथ-साथ मेयर के माइक को तोड़ने की कोशिश की। हालात बेकाबू होता देख मेयर महेश कुमार ने बैठक को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया।
बैठक के दौरान विवाद तब शुरू हुआ जब मेयर लगभग 35 मिनट की देरी से पहुंचे। इस पर विपक्ष के नेता राजा इकबाल सिंह ने आपत्ति जताई और आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी के पार्षदों ने मेयर के सम्मान में खड़े होकर उनका अभिवादन नहीं किया। भाजपा पार्षदों ने इस मुद्दे को लेकर सदन में हंगामा किया और वेल में पहुंचकर नारेबाजी शुरू कर दी। जब नेता सदन मुकेश गोयल ने एजेंडा पढ़ना शुरू किया, तो भाजपा पार्षदों ने इसका विरोध किया और एजेंडा की कॉपी छीनने की कोशिश की। इसी दौरान भाजपा और AAP पार्षदों के बीच हाथापाई तक की नौबत आ गई।
भाजपा और आप ने एक-दूसरे पर लगाए आरोप
भाजपा पार्षदों के हंगामे के बाद विपक्ष के नेता राजा इकबाल सिंह ने मेयर और AAP पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी निगम को सही तरीके से चलाने में असमर्थ है और बिना किसी चर्चा के जबरदस्ती एजेंडा पास कराना चाहती है। राजा इकबाल सिंह ने आरोप लगाया कि MCD में आम आदमी पार्टी अब बहुमत खो चुकी है और भाजपा के पास बहुमत है। इसलिए, अगर किसी प्रस्ताव को पास किया जाता है तो वह अवैध होगा। भाजपा पार्षदों ने इस मुद्दे पर कमिश्नर को पत्र लिखने की भी बात कही।
वहीं, आम आदमी पार्टी ने भाजपा पर पलटवार किया। नेता सदन मुकेश गोयल ने भाजपा पर आरोप लगाया कि वे सिर्फ हंगामा करने के लिए सदन में आते हैं और उन्हें दिल्ली की जनता के हितों से कोई सरोकार नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा बार-बार सदन की कार्यवाही बाधित कर रही है ताकि MCD के कामकाज को सुचारू रूप से चलने न दिया जाए। राजा इकबाल सिंह ने कहा कि AAP सरकार ने दिल्ली में कूड़े के पहाड़ हटाने का वादा किया था, लेकिन आज तक वे जस का तस है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।