उत्तर भारत में ठंड का असर बढ़ा, पहाड़ों पर बर्फबारी से मैदानी इलाकों में सर्दी तेज
टेन न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली (08 दिसंबर 2024): उत्तर भारत में ठंड ने दस्तक दे दी है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में 15 दिसंबर के बाद ठंड और तेज होगी। वर्तमान में दिल्ली का न्यूनतम तापमान 8 डिग्री और अधिकतम तापमान 25 डिग्री तक पहुंच रहा है। वहीं, पंजाब और हरियाणा में अगले तीन दिनों तक घने कोहरे का असर रहेगा।
पंजाब और हरियाणा में कोहरा बढ़ा
पंजाब में न्यूनतम तापमान 6 से 8 डिग्री और अधिकतम तापमान 23 डिग्री तक रहने की संभावना है। हरियाणा में भी कोहरा छाया रहेगा, जहां न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री और अधिकतम 24 डिग्री तक दर्ज किया जा सकता है।
पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी तेज
जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड जैसे पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है। डल झील के पास बढ़ी चहल-पहल ने सर्दी का एहसास गहरा दिया है। उत्तराखंड के बर्फीले इलाकों में ठंड और बढ़ने की संभावना है, जहां न्यूनतम तापमान 2 डिग्री तक गिर सकता है।
उत्तर प्रदेश में बारिश और कोहरे का असर
उत्तर प्रदेश में भी ठंड बढ़ रही है। पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में देर रात और सुबह घना कोहरा छा सकता है। 10 दिसंबर तक राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश होने की संभावना है, जिससे सर्दी और बढ़ेगी।
मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में उत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों में तापमान में गिरावट और ठंड में इजाफा होने का अनुमान जताया है।।
टिप्पणियाँ बंद हैं।