नोएडा: सोशल मीडिया पर प्रोडक्ट प्रमोशन के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, 13 गिरफ्तार
टेन न्यूज नेटवर्क
नोएडा (06 मार्च, 2025): नोएडा के सेक्टर-63 में पुलिस ने सोशल मीडिया पर प्रोडक्ट प्रमोशन और डिस्ट्रीब्यूटर दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। थाना सेक्टर-63 की पुलिस ने 10 पुरुष और 3 महिलाओं सहित कुल 13 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 10 लैपटॉप, 2 कंप्यूटर, 10 मोबाइल, 1 प्रिंटर, 50 सर्टिफिकेट समेत कई उपकरण बरामद हुए हैं। डीसीपी सेंट्रल नोएडा ने इस सफलता पर पुलिस टीम को 25,000 रुपये इनाम देने की घोषणा की है।
कैसे करते थे ठगी?
गिरफ्तार किए गए आरोपी DISTRIBUTER CHANNEL BHARAT नाम की एक कंपनी चलाते थे। यह लोग इंस्टाग्राम, फेसबुक और यूट्यूब जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर विज्ञापन देकर प्रोडक्ट बनाने वाली कंपनियों को फंसाते थे। आरोपियों का दावा था कि अगर कंपनियां उनका पैकेज खरीदेंगी, तो उन्हें हर महीने 8-10 डिस्ट्रीब्यूटर मिलेंगे, जो प्रोडक्ट की बिक्री बढ़ाएंगे। इसके लिए कंपनियों से लाखों रुपये वसूले जाते थे। लेकिन न तो किसी का प्रोडक्ट सोशल मीडिया पर प्रमोट किया जाता था और न ही कोई डिस्ट्रीब्यूटर मुहैया कराया जाता था।
जम्मू के व्यक्ति से हुई करीब 5 लाख की ठगी से खुलासा
गिरोह का पर्दाफाश उस समय हुआ, जब जम्मू के एक व्यक्ति ने लगभग 5 लाख रुपये की ठगी की शिकायत की। पुलिस ने जांच के दौरान पाया कि आरोपी दूर-दराज के राज्यों की कंपनियों को निशाना बनाते थे ताकि कोई आसानी से इनके ऑफिस न पहुंच सके।
मुख्य आरोपी फरार
गिरफ्तार आरोपियों में कंपनी की एचआर मैनेजर कृतिका ने खुलासा किया कि इस पूरे फर्जीवाड़े का मास्टरमाइंड मयंक तिवारी है, जो अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई है।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में एमबीए, बीटेक और एमसीए जैसे शिक्षित लोग शामिल हैं। इनमें से कृतिका एचआर मैनेजर, अविनाश गिरी वेब डेवलपर और आशीष मौर्या ग्राफिक्स डिजाइनर हैं। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है ताकि इस फर्जीवाड़े के अन्य पहलुओं का खुलासा हो सके।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।