दिल्ली भाजपा ने चुनाव कार्यालय का किया विधिवत उद्घाटन, चुनावी शंखनाद

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (07 दिसंबर 2024): दिल्ली भाजपा ने आगामी विधानसभा चुनावों के लिए अपने चुनाव कार्यालय का विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ शुभारंभ किया। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने अपनी पत्नी प्रियंका सचदेवा और अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर केंद्रीय और प्रदेश भाजपा के कई प्रमुख नेता उपस्थित रहे। समारोह में भाजपा ने केजरीवाल सरकार पर तीखे हमले करते हुए 2025 विधानसभा चुनाव में जीत का दावा किया।

भाजप नेताओं एवं सांसदों का बयान

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, “दिल्ली में बड़े-बड़े आश्वासन देने के बावजूद केजरीवाल सरकार हर मोर्चे पर विफल हो चुकी है। प्रदूषण की रोकथाम, आधारभूत सुविधाओं में सुधार और किए गए वादे सभी अधूरे रह गए हैं। जनता अब भ्रष्टाचार और झूठ की राजनीति से तंग आ चुकी है। दिल्ली में पिछले 10 वर्षों से भ्रष्टाचार की राजनीति चल रही है, जिसे जनता इस बार खत्म करने जा रही है। आगामी चुनाव में भाजपा को भारी बहुमत के साथ विजयी बनाकर दिल्ली की जनता जवाब देगी।”

दिल्ली की जनता विकास को देगी प्राथमिकता: कमलजीत सहरावत

इस मौके पर टेन न्यूज से खास बातचीत में सांसद कमलजीत सहरावत ने कहा, “आज हमने चुनाव कार्यालय का विधिवत शुभारंभ किया है। हमें पूरा विश्वास है कि दिल्ली की जनता विकास की राजनीति को ही प्राथमिकता देगी और भाजपा को सत्ता में लाएगी। दिल्ली के हालात दिन-प्रतिदिन बदतर होते जा रहे हैं। यमुना का गंदा पानी, टूटी हुई सड़कें और गलियां, बुजुर्गों की पेंशन बंद होना, और महंगे बिजली बिल इस सरकार की विफलता को उजागर करते हैं। जनता अब और नहीं सहने वाली।”

उन्होंने भाजपा के नारे ‘अब नहीं सहेंगे, बदल के रहेंगे’ पर कहा, “यह नारा दिल्ली की जनता के दिल की आवाज है। लोग पूछ रहे हैं कि उन्हें अब और कितना सहना पड़ेगा? यह गंदी राजनीति अब खत्म होगी और दिल्ली में भाजपा की सरकार बनेगी। भाजपा ही वह पार्टी है जो जनता की समस्याओं को समझती है और उनके समाधान के लिए काम करती है।”

कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा, “जो पार्टी अपने ही सांसद पर हमला करवा सकती है, वह दिल्ली में कानून व्यवस्था की परिभाषा नहीं समझा सकती। भाजपा यह सुनिश्चित करेगी कि हर दिल्लीवासी सुरक्षित महसूस करे और हर नागरिक के अधिकारों की रक्षा हो।”

टूटे हुए वादों का दंश कब तक झेलेगी दिल्ली: बांसुरी स्वराज

टेन न्यूज से बातचीत में सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा, “आज चुनाव कार्यालय का भूमिपूजन और शुभारंभ किया गया। यह केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि दिल्ली की जनता की आवाज उठाने का एक संकल्प है। अरविंद केजरीवाल ने एक दशक तक सत्ता का सुख भोगा, लेकिन जनता के लिए कुछ भी नहीं किया। उनके हर वादे झूठे साबित हुए, और उन्होंने केवल सत्ता के लिए राजनीति की।”

उन्होंने आगे कहा, “दिल्ली की जनता अब जाग चुकी है। हर टूटे वादे का जवाब इस बार जनता अपने वोट से देगी। भाजपा ने ‘अब नहीं सहेंगे, बदल के रहेंगे’ का नारा दिया है, जो जनता के दिल की आवाज है। हम हर गली-मोहल्ले में जाएंगे और केजरीवाल सरकार की विफलताओं को उजागर करेंगे। भाजपा दिल्ली को एक स्वच्छ, सुरक्षित और विकसित राजधानी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।”

हम सत्ता नहीं सेवा के लिए राजनीति करते हैं: मनोज तिवारी

बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने कहा, “दिल्ली की सेवा में भाजपा हमेशा तत्पर है। हम सत्ता की राजनीति नहीं करते, बल्कि सेवा भाव से जनता के लिए काम करने पर विश्वास रखते हैं। भाजपा का उद्देश्य है कि हर नागरिक को स्वच्छ हवा, साफ पानी, बेहतर सड़कें और सुविधाएं मिलें। लेकिन केजरीवाल सरकार ने पिछले एक दशक में दिल्ली को केवल धोखे और भ्रष्टाचार का जाल दिया है।”

फर्जी वोटिंग और कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा, “पिछले चुनाव में हमने पाया कि एक कमरे में 38 फर्जी वोटर दर्ज थे। ये सभी एक खास समुदाय से संबंधित थे और केवल वोट देने के समय सक्रिय हुए। यह केजरीवाल सरकार की मिलीभगत का नतीजा है। इसके अलावा, मुख्यमंत्री के विधायकों पर जबरन वसूली, मारपीट और अन्य अपराधों के आरोप हैं। यह कैसी सरकार है, जो अपराधियों की रक्षा करती है?”

उन्होंने भाजपा के नारे ‘अब नहीं सहेंगे, बदल के रहेंगे’ को जनता की आवाज बताते हुए कहा, “यह साफ संकेत है कि जनता इस बार केजरीवाल सरकार को सबक सिखाने के लिए तैयार है। भाजपा दिल्ली की जनता को भ्रष्टाचार और अव्यवस्था से मुक्त शासन देने के लिए प्रतिबद्ध है।”

दिल्ली में बनकर रहेगी बीजेपी की सरकार: केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा

केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने कहा, “भगवान के आशीर्वाद से हमने चुनाव अभियान शुरू किया है। इस बार दिल्ली में जनता भाजपा की सरकार बना कर रहेगी। ‘अब नहीं सहेंगे, बदल के रहेंगे’ केवल नारा नहीं है, यह जनता की आवाज है। दिल्लीवासी अब गंदगी, गंदा पानी और भ्रष्टाचार नहीं सहेंगे। भाजपा ही दिल्ली की समस्याओं का समाधान करेगी और राजधानी को एक बेहतर भविष्य देगी।”

डबल इंजन की सरकार दिल्ली वासियों के चेहरे पर लाएगी मुस्कान: प्रवीण खंडेलवाल

भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा, “भाजपा ने यह तय कर लिया है कि हम लाखों कार्यकर्ताओं के बल पर दिल्ली में डबल इंजन की सरकार बनाएंगे। हमारा उद्देश्य है कि हर दिल्लीवासी के चेहरे पर मुस्कान हो। केजरीवाल सरकार केवल झूठ और आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति करती है। दिल्ली की जनता अब उनके झूठ को समझ चुकी है और इस बार उन्हें सबक सिखाएगी। भाजपा का प्रयास है कि हर नागरिक की समस्याओं का समाधान हो और राजधानी को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाया जाए।”

भाजपा का चुनावी अभियान

भाजपा ने स्पष्ट किया है कि वह चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है। पार्टी घर-घर जाकर केजरीवाल सरकार की विफलताओं को उजागर करेगी और जनता से भाजपा को समर्थन देने की अपील करेगी। “अब नहीं सहेंगे, बदल के रहेंगे” का नारा भाजपा के अभियान का केंद्र बन चुका है, और पार्टी को विश्वास है कि दिल्ली की जनता इस बार बदलाव के लिए मतदान करेगी।।

टिप्पणियाँ बंद हैं।